Breaking
Thu. Oct 15th, 2026

हाथरस में GST टीम की छापेमारी पर हंगामा, झड़प:लोहा व्यापारी ने परिचय न देने पर लगाया मारपीट का आरोप

हाथरस : हाथरस के खाती खाना बाजार में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे केंद्रीय जीएसटी की टीम ने एक लोहा व्यापारी के प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। इस दौरान व्यापारी और टीम के सदस्यों के बीच विवाद हो गया।

देखते ही देखते कई व्यापारी मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू हो गया। व्यापारियों और टीम के बीच तीखी झड़प और हाथापाई होने की भी बात सामने आई है।

लोहा व्यापारी सुबोध अग्रवाल उर्फ डब्बू लोहिया ने आरोप लगाया कि तीन गाड़ियों से पहुंची जीएसटी टीम ने आते ही अपना परिचय नहीं दिया। आरोप है कि टीम के सदस्यों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उनके मोबाइल फोन छीन लिए।

व्यापारी ने अपने साथ भी हाथापाई किए जाने और कागजात जब्त करने का आरोप लगाया।

खाती खाना बाजार पहुंची GST टीम के साथ व्यापारियों की हुई नोकझोंक।

खाती खाना बाजार पहुंची GST टीम के साथ व्यापारियों की हुई नोकझोंक।

व्यापारी के मुताबिक, उन्होंने टीम से सर्च वारंट दिखाने को कहा, लेकिन शुरुआत में वारंट नहीं दिखाया गया। आरोप है कि करीब आधे घंटे बाद जो वारंट दिखाया गया, वह उनकी फर्म के नाम का नहीं था। इसको लेकर विवाद बढ़ गया और बाजार के अन्य व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद वहां जमकर हंगामा हुआ।

हंगामे की सूचना पर स्थानीय पुलिस और व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। कुछ लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। इस दौरान व्यापारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि वे उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेंगे।

उधर, जीएसटी अधिकारियों ने व्यापारियों की ओर से लगाए गए आरोपों को नकार दिया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *