मुंबई : एक्टर टाइगर श्रॉफ पर रविवार शाम 7 बजे मुंबई में फायरिंग हुई। एक बाइक पर सवार 3 लोगों ने उन पर 5 राउंड फायरिंग की।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फुटबॉल खेलकर लौटते वक्त टाइगर की कार जुहू के पुष्पा पार्क के पास रुकी। यहां उन्हें देखने के लिए भीड़ जमा हो थी।
इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन लोग वहां पहुंचे। हमलावरों ने टाइगर की गाड़ी पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
टाइगर के ड्राइवर और एक ऑटो-रिक्शा वाले को भी गोलियां लगी हैं। टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं।
हमले के बाद एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली। लिखा कि सलमान खान के साथ काम करने वाले का यही अंजाम होगा।
मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने घटना स्थल से खाली कारतूस बरामद किए।

मौके से मिला कारतूस पुलिस ने जब्त कर लिया है।

मुंबई पुलिस की टीम घटना स्थल पर जांच-पड़ताल करती हुई।
लॉरेंस गैंग की पोस्ट- समझाया था, समझा नहीं
रिपोर्ट्स के मुताबिक लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित और हरमन संधू ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की है।
पोस्ट में लिखा है- हमने इसे समझाया था, इसको समझ नहीं आया। आज हमने इसको सही से समझा दिया है। मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में जो हमारी बात नहीं सुनेगा, या सलमान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसी का होगा।
पुलिस ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि लॉरेंस गैंग ने ही यह हमला किया है।

टाइगर पर हमले के बाद पोस्ट का यह स्क्रीन शॉट वायरल हो रहा है।
अनिल पंडित पानीपत का, 2022 में अमेरिका पहुंचा
अनिल पंडित हरियाणा के पानीपत जिले के रायर कलां गांव का रहने वाला बताया जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह 2022 में दुबई गया और बाद में अवैध रास्ते से अमेरिका पहुंचा। उसका नाम लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जोड़ा जाता है। गुरु रंधावा के जिम के बाहर फायरिंग, हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की गाड़ी पर गोलीबारी और पानीपत में रंगदारी मांगने के मामलों में उसके नाम से जुड़े दावे सामने आए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उसके खिलाफ 10 मामले दर्ज हैं और लुकआउट सर्कुलर भी जारी हुआ था।
महाराष्ट्र डिप्टी सीएम शिंदे बोले- हमलावरों को उन्हीं की भाषा में जवाब मिलेगा
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने पुलिस से बातकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। हमले के दोषियों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाएगा। किसी को बख्शेंगे नहीं।
CCTV खंगाल रही पुलिस, 15 टीमें बनाईं
हमले के बाद पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की बाइक का नंबर और उनकी पहचान की जा सके। चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
मुंबई डीसीपी मोहित गर्ग ने कहा कि हमले में टाइगर के ड्राइवर के हाथ में गोली लगी है। टाइगर श्राफ सुरक्षित हैंओ। हमले की वजह सामने नहीं आई है। घटना की जांच के लिए 15 टीमों का गठन किया गया है।

