लखनऊ: कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना के बाद यूपी सरकार भी अलर्ट मोड में हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को जरूरी निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने अधिकारियों को पंडालों में फायर सेफ्टी, एंट्री और एग्जिट गेट के साथ ही बिजली के इंतजाम की जांच करने को कहा है। साथ ही उन्होंने इमरजेंसी एग्जिट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने और सभी अधिकारियों को फील्ड में रहकर निगरानी करने का निर्देश दिया है।
पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारी, पुलिस कप्तान को निर्देश
- सभी अधिकारी पंडालों में अग्नि सुरक्षा की जांच करें
- डीएम , कप्तान एंट्री व एग्जिट पॉइंट की जांच करे
- इमरजेंसी एग्जिट के लिए पर्याप्त व्यवस्था करा ले
- सभी अधिकारी विद्युत व्यवस्था की जांच करा ले
- सभी अधिकारी फील्ड में रहें
बता दें कि कोलकाता को चोरबागान स्थित दुर्गा पंडाल में शनिवार देर शाम भगदड़ मचने से 19 लोगों की मौत हो गई जबकि 25 लोग घायल हो गए थे। इस हादसे के बाद दुर्गा पंडाल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। एहतियातन यूपी सरकार भी अलर्ट मोड में आ गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से प्रशासन को निर्देश जारी किया गया है कि वे दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का खासा ध्यान रखें।
बलरामपुर में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर श्रद्धालुओं को कार ने रौंदा
इस बीच यूपी के बलरामपुर जिले में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर वीडियो देख रहे श्रद्धालुओं को रौंद दिया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, घायलों में दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच रेफर किया गया है। एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना देहात थाना क्षेत्र के चिरगहिया बेल्हा गांव में हुई। उन्होंने बताया कि शनिवार देर रात कुछ श्रद्धालु सड़क किनारे स्थित दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर वीडियो देख रहे थे, तभी सिद्धार्थनगर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी और रौंदते हुए निकल गई। सीएम योगी ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया।
एसपी ने बताया कि सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल बलरामपुर के जिला मेमोरियल चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मनोज सिंह (40), गणेश (35) और पाटेश्वरी (50) के रूप में हुई है। सिंह ने बताया कि हादसे में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं जिनमें से छेदी राम (45) और डबलू (35) की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बहराइच रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दो अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है।

