ग्वालियर : ग्वालियर में शनिवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने 41 श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। दो पुलिसकर्मी समेत 26 लोग घायल हैं।
हादसा देर रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। सभी श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए सड़क किनारे लाइन में लगे थे। तभी चीनौर की ओर से आ रहा धान से भरा ट्रक ढलान पर बेकाबू हो गया।
ड्राइवर गूगल मैप की मदद से ट्रक चला रहा था। ढलान पर ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और वह पुलिस चेकपोस्ट तोड़ते हुए लोगों को कुचलकर मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया।
इससे मंदिर की दीवार ढह गई। कई लोग मलबे में दब गए। घायलों को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद परिजन ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर और ट्रक मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने लिखा- मन व्यथित है

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट कर दुख जताया

पीएम के बाद पुलिस शव लेकर घर पहुंची
जयारोग्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद पुलिस शवों को एंबुलेंस से उनके घर पहुंच रही है। हादसे में अपनों को खो चुके लोग बदहवास हैं।
डॉक्टर बोले– 12 का पोस्टमॉर्टम हो चुका
जीआरएमसी मेडिकल कॉलेज के दिन डॉक्टर आरकेएस धाकड़ का कहना है कि अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें से 12 लोगों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। दो का पोस्टमार्टम जारी है, बाकी एक महिला और एक पुरुष का इलाज चल रहा है। इनकी हालत गंभीर है। एक व्यक्ति मामूली घायल है।
गूगल मैप की लोकेशन से चल रहा था ट्रक, ब्रेक फेल हुआ
शीतला माता मंदिर पर 9 दिन सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहता है। रात को चीनौर की ओर से मंदिर के पीछे वाली तरफ धान से ओवरलोड दो ट्रक आ गए। जानकारी के मुताबिक उनको पंजाब जाना था।
ड्राइवर ने मोबाइल पर गूगल मैप लगाया और गूगल ने उनको यह रास्ता दिखा दिया। जब ढलान पर आए तो नीचे करीबन एक लाख लोगों की भीड़ दिखी। इसी समय अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और ट्रक ढलान से लुढ़कता हुआ नीचे आ गिरा।

लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश, पूछा- जहां साइकिल नहीं जा सकती, वहां ट्रक कैसे पहुंचा?
ग्वालियर के पोस्टमॉर्टम रूम के पास आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोग पुलिस-प्रशासन से पूछ रहे हैं कि जहां साइकिल तक नहीं जा सकती, वहां इतना बड़ा ट्रक कैसे पहुंचा?
मृतकों के परिजन को 25 लाख, घायलों को 10 लाख रुपए देने की मांग
ग्वालियर हादसे के पीड़ितों के परिजन ने सरकार से आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उनका कहना है कि मृतकों के परिजन को 25 लाख और घायलों को 10 लाख रुपए की सहायता दी जाए। इसके साथ ही ट्रक चालक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया जाए।

