Breaking
Fri. Oct 23rd, 2026

जीएलए और एड्सफ्लोरिश के साथ एमओयू साइन

  • जीएलए यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों को डिजिटल मार्केटिंग में मिलेंगे उद्योग आधारित प्रशिक्षण के अवसर

दैनिक उजाला, मथुरा: जीएलए यूनिवर्सिटी, मथुरा के कंप्यूटर एप्लीकेशंस विभाग और परफॉर्मेंस मार्केटिंग एवं डिजिटल मार्केटिंग एजेंसी एड्सफ्लोरिश के बीच शैक्षणिक एवं औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस सहयोग का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल मार्केटिंग के बदलते स्वरूप, उद्योग की आवश्यकताओं और व्यावहारिक कार्यप्रणाली से जोड़ना है।

यह एमओयू जीएलए यूनिवर्सिटी के कुलसचिव अशोक कुमार सिंह तथा एड्सफ्लोरिश के मैनेजिंग डायरेक्टर जतिन कपूर के हस्ताक्षर के बाद प्रभावी हुआ। इसके अंतर्गत विशेष रूप से बीसीए (डिजिटल मार्केटिंग) कार्यक्रम के विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, व्यावहारिक एवं सेमेस्टर आधारित प्रशिक्षण, कौशल विकास कार्यक्रम, अतिथि व्याख्यान और उद्योग विशेषज्ञों से संवाद के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

जीएलए के कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मार्केटिंग और परफॉर्मेंस मार्केटिंग विभिन्न उद्योगों की महत्वपूर्ण आवश्यकताएं बन चुकी हैं। ऐसे में शैक्षणिक संस्थानों और उद्योगों के बीच सहयोग विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के ज्ञान के साथ वास्तविक कार्यक्षेत्र की जरूरतों को समझने का अवसर देता है। एड्सफ्लोरिश के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों के व्यावहारिक कौशल, तकनीकी समझ और पेशेवर दक्षता को विकसित करने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को उद्योगोन्मुखी शिक्षा प्रदान कर उन्हें भविष्य की रोजगार संबंधी चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार किया जाए।

कुलसचिव अशोक कुमार सिंह ने कहा कि उद्योग और शिक्षा जगत के बीच प्रभावी समन्वय से विद्यार्थियों को अपने ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों में लागू करने का अवसर मिलता है। इस एमओयू के माध्यम से विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, लाइव प्रोजेक्ट, उद्योग आधारित प्रशिक्षण, करियर मार्गदर्शन और विशेषज्ञों के साथ संवाद जैसी गतिविधियों से जोड़ने की संभावनाएं विकसित होंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साझेदारियां पाठ्यक्रम को उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने, विद्यार्थियों की रोजगारपरक क्षमता बढ़ाने और शिक्षकों को नई तकनीकों एवं कार्यप्रणालियों से परिचित कराने में उपयोगी साबित होंगी।

डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में लगातार बदलाव हो रहे

एड्सफ्लोरिश के मैनेजिंग डायरेक्टर जतिन कपूर ने कहा कि डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में लगातार बदलाव हो रहे हैं और विद्यार्थियों के लिए इन बदलावों के अनुरूप व्यावहारिक कौशल विकसित करना आवश्यक है। एड्सफ्लोरिश इस सहयोग के माध्यम से विद्यार्थियों को परफॉर्मेंस मार्केटिंग, एफिलिएट मार्केटिंग, सोशल मीडिया, इन्फ्लुएंसर एवं ईमेल मार्केटिंग, लीड जनरेशन, डिजिटल पब्लिक रिलेशंस, सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन, सर्च इंजन मार्केटिंग, ब्रांडिंग तथा क्रिएटिव एवं तकनीकी समाधानों जैसे क्षेत्रों की कार्यप्रणाली से परिचित कराने में सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद, प्रशिक्षण और परियोजना आधारित गतिविधियां विद्यार्थियों को पेशेवर कार्यसंस्कृति समझने तथा अपने करियर की बेहतर तैयारी करने में मदद कर सकती हैं।

एमओयू के अंतर्गत दोनों पक्षों की सहमति और आवश्यक विश्वविद्यालयीय अनुमोदन के अनुसार अतिथि व्याख्यान, डिजिटल मार्केटिंग टूल्स एवं अभियान नियोजन पर कार्यशालाएं, फैकल्टी डेवलपमेंट गतिविधियां, करियर मार्गदर्शन सत्र, विद्यार्थी परियोजनाएं तथा इंटर्नशिप एवं प्रशिक्षण के अवसर विकसित किए जाएंगे।

इस दौरान आईईटी के डीन प्रो. अशोक भंसाली, डॉ. रोहित अग्रवाल, डॉ. विशाल गोयल, स्पोक पर्सन एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनुज मंगल, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट विभाग के एसोसिएट जनरल मैनेजर कॉर्पोरेट रिलेशन सचिन कुमार चित्तौड़िया सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *