नई दिल्ली : अलग-अलग पार्टियां, मकसद एक- ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग। विपक्ष के तमाम बड़े नेताओं ने दो दिन से दिल्ली में डेरा डाल रखा है।
शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के घर विपक्ष ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जनमहाभियोग पास किया तो रविवार को सोनिया समेत राहुल, प्रियंका, अखिलेश, ममता और तेजस्वी बाकी नेताओं के साथ रामलीला मैदान पहुंचे।
करीब चार घंटे चले इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा- मेरी बात सच होगी, ज्ञानेश कुमार CEC के पद से हटेंगे और जेल जाएंगे।

रैली से पहले विपक्षी दलों ने मिंटो ब्रिज से रामलीला मैदान तक मार्च निकाला। इस दौरान राहुल और प्रियंका खुली गाड़ी में बातचीत करते नजर आए।
रैली में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और सुप्रिया सुले समेत INDIA ब्लॉक के कई नेता मौजूद रहे। 8 नेताओं ने स्पीच दी।
SIR और ज्ञानेश कुमार के विरोध में पिछले 25 दिनों में विपक्ष सातवीं बार एकजुट हुआ। इससे पहले 6 से 13 अक्टूबर के बीच 6 बार प्रदर्शन हुए थे।
दोपहर- 12 बजे

INDIA गठबंधन का ‘चलो दिल्ली’ मार्च कनॉट प्लेस के मिंटो रोड जंक्शन से शुरू हुआ। काफिले में कई गाड़ियां थीं। कार्यकर्ता सड़क पर पैदल चले।
दोपहर- 12:30 बजे

राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, फारूक अब्दुल्ला और अन्य नेता इसमें शामिल हुए। नेता खुली बसों से पहुंचे और फिर पैदल मार्च किया।
दोपहर- 3 बजे

राहुल समेत 8 विपक्षी नेताओं ने मंच से स्पीच दी। सभी ने एक साथ ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
दोपहर- 4:30 बजे

करीब डेढ़ घंटे रैली चली। सभी नेताओं ने आखिर में जय हिंद के नारे लगाए। इसके बाद ग्रुप फोटोशूट कराया गया।
भाजपा बोली- 2024 में ज्ञानेश कुमार CEC थे ही नहीं
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल कहते हैं कि 2024 का चुनाव अवैध था। मैं कहना चाहता हूं कि 2024 में ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं थे। 2025 में मुख्य चुनाव आयुक्त बनकर आए। अगर 2024 का चुनाव अवैध था तो आप भी अवैध लीडर ऑफ अपोजिशन हैं।
आपके जितने भी सांसद हैं, वे अवैध हैं। अगर चुनाव अवैध होता तो आप ढाई साल बाद रामलीला मैदान में सभा नहीं कर रहे होते। आपको चुनाव के तुरंत बाद ये बात कहनी थी। राहुल गांधी या उनके सहयोगी सुप्रीम कोर्ट में लगाई एक ऐसी पिटीशन दिखाएं, जिसमें कहा गया हो कि 2024 का चुनाव इललीगल था।
राहुल गांधी ने कहा- हमें नफरत नहीं, मोहब्बत फैलानी है
राहुल गांधी ने कहा, ‘ज्ञानेश कुमार रात को सो नहीं पाता। वो डर रहा है, उसने सबसे बड़ा क्राइम किया है। देश की आवाज को बंद करने की कोशिश की, उसका गला घोंटा है।’
उन्होंने कहा, ‘न तो मोदी, न ही शाह, वो भी सो नहीं पा रहे। हम दुश्मनी वाले लोग नहीं है। हमें नफरत नहीं, मोहब्बत फैलानी है। ये प्रोटेस्ट किसी एक पार्टी, एक नेता का नहीं है। ये देश का प्रोटेस्ट है। देश की आवाज है, संविधान को बचाने की आवाज है।’
राहुल ने कहा- देश में जो बेचा है, उसका बदला लेंगे
राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं आपको बताता हूं कि मोदी कहीं नहीं जा सकते, जाना भी चाहें तो हम कहीं नहीं जानें देंगे। ज्ञानेश कुमार के बाद हम आपके सामने खड़े होने जा रहे। आपने जो वोट चोरी की है उसके खिलाफ लीगल कार्यवाई होगी। देश को न्याय मिलेगा।
राहुल ने ये भी कहा कि आपने अडाणी को जो देश बेचा है, उसका बदला लेंगे। आपको भागने नहीं देंगे, आप यहीं के यहीं रहोगे। कार्रवाई होकर रहेगी।
महबूबा मुफ्ती बोलीं- ये कहीं पूरे देश को जम्मू-कश्मीर न बना दें
पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जो इस देश की समस्या है, उसको बदलना चाहते हैं, देश को बदलना चाहते हैं। आप आज नहीं बदलेंगे तो बहुत देर हो जाएगी। 2014 तक जितनी सरकारों ने संपत्ति बनाई थी उसे कारोबारी दोस्तों को दे दी। इन्होंने वादे किए थे कि नौकरियां देंगे जो आर्मी में शान से जाते थे, उन्हें भी अग्निवीर बना दिया।
फारूक अब्दुल्ला बोले- हमें सिर्फ भगवान से डरना है, इनसे नहीं
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि हम लोग यहां जमा हैं कि ये बताएं कि मुसलमानों पर ये हर वक्त उंगली उठाते हैं। कहते हैं कि ये पाकिस्तानी है। मैं भाजपा को कहना चाहता हूं कि हमने भारत के लिए खून दिया है। आगे भी देते रहेंगे। हमें इसी वतन में रहना है।
जैसे अखिलेश जी ने कहा कि यूपी में एक करोड़ 27 लाख हिंदुओं को भी वोटर्स लिस्ट से हटा दिया क्या वो भी पाकिस्तानी हैं। ये अंबेडकर का संविधान है, इसमें हम सब बराबर हैं।
फारूक ने ये भी कहा कि हमें संघर्ष करना है, ताकि कोई भी भारतीय वोट से मरहूम न हो। हमें सिर्फ भगवान से डरना है, इनसे डरना नहीं है। हमें मिलकर साथ चलना होगा। जम्मू-कश्मीर पहले भी भारत का हिस्सा था, आगे भी रहेगा।



ममता बोलीं- आपने नौकरी लूटीं, मां-बहनों का सम्मान लूटा
ममता बोलीं- हम छोड़ेंगे नहीं, जिदंगी देंगे, हम लड़ेंगे। हमारा बंगाल लूट लिया गया। हम लोकतंत्र बचाएंगे। लोकतंत्र लूटा गया, अधिकार लूटा गया, इलेक्शन काउंटिंग लूटी गई। आप सिर्फ वोट नहीं, पूरी काउंटिंग वैनिश की है। हम हारे नहीं, हमको हराया गया है।
ममता ने ये भी कहा कि आपने नौकरी लूटी, जिंदगी लूटी, मां-बहनों का सम्मान लूटा। ज्ञानेश कुमार जी वैनिश वैनिश… यस पापा, लूट लिया, यस पापा, तुम्हारे पीछे कौन है, बीजेपी पापा, किसानों का रिस्पेक्ट चोरी, बीजेपी पापा…। भाजपा का साथ, सबका सत्यनाश।
सपा अध्यक्ष बोले- जो पापी है उसका नाश होता है
अखिलेश ने कहा, ‘जो लोग कभी यूपी से आए थे, वो यूपी से ही जाएंगे। यूपी वाले स्वागत अच्छा करते हैं तो विदाई भी अच्छी करते हैं। 2027 में विदाई तय है। ये राम जी की लीला का मैदान है। जो पापी है उसका नाश होता है। राम जी के सामने वो पापी बचने वाले नहीं। जिन्होंने चंदा चोरी की है, जिन्होंने चढ़ावा चोरी की उनका नाश नहीं, सर्वनाश होगा।

