Breaking
Sun. Nov 8th, 2026

यूपी में दिवाली, मुस्लिम महिलाओं ने श्रीराम की आरती उतारी:योगी ने गोरखपुर में वनवासियों के साथ आतिशबाजी की, अयोध्या में घर-घर मिठाई बांटी

वाराणसी, अयोध्या, गोरखपुर : सीएम योगी ने गोरखपुर जिले में वनवासियों (वनटांगिया) के साथ दिवाली मनाई। उन्होंने मंच से बटन दबाकर आतिशबाजी की। रविवार सुबह योगी ने अयोध्या में राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में पूजा की। संतों के साथ खाना खाया।

सीएम ने श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास से मुलाकात की। निषाद बस्ती में लोगों के साथ दिवाली मनाई। घर-घर जाकर फल और मिठाई बांटी।

उधर, काशी में मुस्लिम महिलाओं ने भगवान श्रीराम की पूजा की। भोग लगाया। उन्होंने श्रीराम और माता जानकी की आरती की। फिर हनुमान चालीसा का पाठ किया। हाथ जोड़कर भगवान का आशीर्वाद लिया।

मुस्लिम महिला फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नाजनीन अंसारी ने कहा- धर्म बदलने से हम अरबी, तुर्की या ईरानी नहीं हो जाएंगे। भारत में रहने वाले हर व्यक्ति के पूर्वज श्रीराम ही हैं। धर्म तो बदल सकता है, लेकिन पूर्वज और परंपराएं नहीं बदलतीं।

सीएम योगी ने राममंदिर में दीप जलाया-आरती की

सीएम योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर राममंदिर पहुंचकर भगवान श्रीराम के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर परिसर में दीप प्रज्वलित किया और आरती कर प्रभु श्रीराम की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं और संतों में उत्साह का माहौल रहा।

दिवाली पर लक्ष्मी पूजन का विशेष महत्व

दिवाली के दिन घर में लक्ष्मी पूजन का विशेष महत्व है। मान्यता है कि अगर घर में लक्ष्मी का पूजन किया जाए तो घर में खुशहाली और बरकत बनी रहती है। जिन घरों में लक्ष्मी की पीतल या चांदी की मूर्ति होती है, वहां रोज उनका विधिवत पूजन करना चाहिए।

इसके पीछे सिर्फ धार्मिक कारण नहीं हैं, बल्कि मनोविज्ञान भी जुड़ा है। यह हमें धन कमाने और उसे सही तरीके से इस्तेमाल करने की प्रेरणा देता है। मंदिर में लक्ष्मी के साथ गणपति का होना भी जरूरी माना गया है। इसका कारण यह है कि लक्ष्मी धन की देवी हैं और गणेश बुद्धि के देवता। अगर घर में लक्ष्मी हों तो वहां के लोग बुद्धि का इस्तेमाल करके उनका सदुपयोग कर सकें।

शास्त्रों में भी लक्ष्मी पूजन के कुछ नियम बताए गए हैं। अगर इन नियमों का पालन करते हुए रोज पूजन किया जाए तो लक्ष्मी का स्थायी निवास घर में होता है। शुक्रवार माता लक्ष्मी का विशेष दिन माना गया है। इसलिए अगर घर में उनकी स्थापना करनी हो तो शुक्रवार को करना शुभ माना जाता है। इसके अलावा, शुक्र ग्रह की पूजा से शुभ फल मिलता है और इससे कुंडली से जुड़े कुछ दोष भी दूर होते हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *