कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ सोमवार को लॉन्च हो रही है। इस किताब में सोनिया गांधी ने जो जो खुलासे किए हैं उसको लेकर चर्चा हो रही है। इस किताब में इमरजेंसी का जिक्र है, बाबरी मस्जिद गिरने पर सोनिया के आंख से आंसू निकलने की बात है। किताब में सोनिया गांधी ने पीएम मोदी के बारे में भी बात की है और इस मुद्दे पर भी बात की गई है कि सोनिया गांधी ने साल 2004 में भारत की प्रधानमंत्री बनने से क्यों मना कर दिया था।
2004 में PM पद क्यों ठुकराया?
अपनी किताब में सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री का पद ठुकराने के बारे में विस्तार से लिखा है। सोनिया गांधी का कहना है कि “राहुल और प्रियंका उनके प्रधानमंत्री बनने के पक्ष में नहीं थे। दोनों ही अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या के सदमे से उबर नहीं पाए थे। जब मैंने कहा कि मैं पीएम नहीं बनूंगी तो राहुल और प्रियंका ने राहत की सांस ली।” सोनिया का कहना है कि “चुनाव से पहले ही राहुल और प्रियंका ने ये सवाल पूछा था तब भी मैंने PM बनने की संभावना से इनकार किया था लेकिन मेरे अंदर इस मुद्दे पर उथल पुथल मची थी।”
- दादी और पिता की हत्या से राहुल और प्रियंका डरे हुए थे
- उन्होंने पूछा कि क्या आप पीएम बनेंगी, मैंने कहा था ‘बिल्कुल नहीं’
- तब जाकर राहुल-प्रियंका ने राहत की सांस ली
- हालांकि नेताओं के दबाव में मैंने दबे स्वर में ‘ठीक है’ कह दिया था
राहुल और प्रियंका ने क्या कहा था?
PTI के मुताबिक, सोनिया गांधी ने साल 2004 के लोकसभा चुनाव से पहले हुई बातचीत को याद करके हुए कहा- “चुनाव से कुछ महीने पहले मैंने अपने बच्चों के साथ इस संभावना पर चर्चा की थी कि मैं प्रधानमंत्री बन सकती हूं। उनमें से एक ने सीधे मुझसे पूछा कि अगर हमारी पार्टी चुनाव जीत जाती है, तो क्या मैं यह पद स्वीकार करूंगी? मैंने लगभग नाराजगी जताते हुए कहा, ‘बिल्कुल नहीं!’ उन्होंने फिर पूछा, ‘क्या आपको यकीन है?’ मैंने जोर देकर कहा, ‘मैं इस बारे में बिल्कुल स्पष्ट हूं।” सोनिया गांधी ने आगे ये भी बताया है कि 10 जनपथ स्थित आवास पर बैठक के दौरान नेताओं के दबाव में लगभग सुनाई न देने वाली आवाज में बुदबुदाते हुए ‘ठीक है’ कह दिया था। सोनिया गांधा ने बताया- “प्रियंका कमरे के बाहर खड़ी थीं। वह मेरा जवाब सुनते ही आंसू बहाती हुईं घर के भीतर राहुल को तलाशने के लिए दौड़ पड़ीं और राहुल को बताया कि मां ने नेताओं की मांग मान ली है। राहुल ने पूछा- “उन्होंने ऐसा क्यों किया! वह कहां हैं?” सोनिया ने बताया- “राहुल ने गुस्से में पूछा- आपने हां कह दिया? मैंने जवाब दिया- वे मेरी बात सुनने को तैयार नहीं थे। मैं यह नहीं करना चाहती, तुम जानते हो कि मैं नहीं चाहती। वे मुझ पर दबाव डाल रहे थे। राहुल ने पूछा, ‘दबाव? आप पर दबाव डाला जा रहा है? हमारा क्या?’ वह गुस्से से भरे चेहरे के साथ वहां से चले गए। फिर प्रियंका ने कहा- “देखिए मां, आप हमेशा से इस बारे में स्पष्ट रही हैं। किसी के दबाव में मत आइए। आपने जो फैसला किया है, वही कीजिए। हम दोनों इसे संभालने में आपकी मदद करने के लिए यहां हैं।”

