Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

आर्थिक सर्वे में ‘मुफ्त की रेवड़ियों’ पर चेतावनी:स्कूल-अस्पताल का बजट घटा

दैनिक उजाला, बिज़नेस डेस्क : संसद में 29 जनवरी को पेश इकोनॉमिक सर्वे में राज्यों की ओर से बांटी जा रही ‘मुफ्त की रेवड़ियों’ पर चेतावनी दी गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ये योजनाएं राज्यों के खजाने को खाली कर रही हैं। इससे स्कूल, अस्पताल और सड़कों के लिए बजट कम पड़ रहा है।

इकोनॉमिक सर्वे में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2023 से 2026 के बीच बिना शर्त कैश ट्रांसफर करने वाले राज्यों की संख्या 5 गुना से ज्यादा बढ़ गई है। चिंता की बात यह है कि इनमें से लगभग आधे राज्य पहले से ही राजस्व घाटे से जूझ रहे हैं और कर्ज ले रहे हैं।

सर्वे में देश के लोगों की शारीरिक और मानसिक सेहत पर भी ध्यान दिया गया है। सर्वे में जंक फूड की बढ़ती खपत पर चिंता जताई गई है। साथ ही सुझाव दिया गया है कि जंक फूड के विज्ञापनों पर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक पाबंदी लगाई जानी चाहिए।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में इकोनॉमिक सर्वे 2025-2026 पटल पर रखा।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में इकोनॉमिक सर्वे 2025-2026 पटल पर रखा।

फ्रीबीज से काम करने की इच्छा में कमी का डर

सर्वे में यह माना गया है कि कैश ट्रांसफर से गरीब परिवारों को तुरंत राहत मिलती है। महिला कैजुअल लेबर्स के लिए यह उनकी मासिक आय का 24% तक हिस्सा है। कुछ राज्यों में तो खुद का काम करने वाली महिलाओं की आय का यह 87% हिस्सा है।

हालांकि सर्वे ने एक बड़ा रिस्क भी बताया है। अगर बिना शर्त मिलने वाले पैसे की योजनाओं को स्किल डेवलपमेंट से नहीं जोड़ा गया तो काम करने की इच्छा में कमी आ सकती है। सर्वे ने सुझाव दिया है कि भारत को मैक्सिको और ब्राजील जैसे देशों से सीखना चाहिए।

वहां कैश ट्रांसफर को कुछ शर्तों से जोड़ा गया है, जैसे बच्चों का स्कूल जाना या नियमित हेल्थ चेकअप। भारत में भी इन योजनाओं में ‘सनसेट क्लॉज’ (खत्म होने की समय सीमा) और समय-समय पर रिव्यू की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि ये हमेशा के लिए बोझ न बनी रहें।

नई कैश स्कीम्स के कारण स्कूल, अस्पताल पर निवेश घट रहा

वेतन, पेंशन, ब्याज और सब्सिडी पर राज्यों की कमाई का लगभग 62% हिस्सा पहले ही खर्च हो जाता है। ऐसे में नई कैश स्कीम्स के लिए पैसा जुटाने के चक्कर में ‘कैपिटल एक्सपेंडिचर’ को कम कर दिया जाता है। कैपिटल एक्सपेंडिचर का मतलब है सरकार द्वारा स्कूल, अस्पताल, सड़क और पुल जैसी संपत्तियों को बनाने पर किया जाने वाला निवेश।

FY26 में राज्यों द्वारा नकद ट्रांसफर पर खर्च करीब ₹1.7 लाख करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। सर्वे के मुताबिक, कैपिटल खर्च से मिलने वाला फायदा ज्यादा टिकाऊ होता है, जबकि कैश ट्रांसफर से शिक्षा या कुपोषण जैसे बुनियादी मुद्दों पर कोई ठोस सुधार नहीं दिख रहा है।

जंक फूड विज्ञापनों पर 6AM-11PM तक रोक लगे

सर्वे में छोटे बच्चों के लिए दूध और पेय पदार्थों के प्रचार-प्रसार पर रोक लगाने की भी बात कही गई है। बच्चों में बढ़ते मोटापे को लेकर चिंता जताई गई। देश में 2020 में 3.3 करोड़ से अधिक बच्चे मोटापे का शिकार थे। 2035 तक आंकड़ा 8.3 करोड़ पहुंचने का अनुमान है।

महंगाई: इकोनॉमिक सर्वे के मुताबिक RBI और IMF ने अनुमान जताया है कि आने वाले साल में महंगाई दर धीरे-धीरे बढ़ेगी। यह 4% के तय लक्ष्य (± 2%) के दायरे में बनी रहेगी।

  • खरीफ की अच्छी पैदावार और रबी की बेहतर बुआई को देखते हुए, दिसंबर 2025 में RBI ने वित्त वर्ष 2026 के लिए महंगाई दर का अनुमान 2.6% से घटाकर 2% कर दिया था।
  • आरबीआई का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2027 की पहली और दूसरी तिमाही (Q1 और Q2) में महंगाई दर: 3.9% और 4% रह सकती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *