Breaking
Mon. Mar 16th, 2026

दारोगा ने 14 सेकेंड में फौजी को जड़ दिए 6 मुक्के, गुंडागर्दी CCTV में हुई कैद

  • जब शख्स ने बताया कि इंडियन आर्मी में हैं, तो दारोगा ने और ज्यादा आक्रामक व्यवहार किया

मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जैंत थाना क्षेत्र में एक दारोगा द्वारा सेना के जवान के साथ मारपीट का आरोप लगा है। घटना का वीडियो घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जो अब सामने आया है। पीड़ित जवान ने पूरे मामले की शिकायत एसएसपी से की है, जिसके बाद जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

मामला जैंत थाना क्षेत्र के आझई खुर्द गांव का है। यहां रहने वाले राधाचरण, जो राजपूत रेजिमेंट में सिपाही हैं और वर्तमान में बीकानेर में तैनात हैं, इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे। यह वीडियो रविवार सुबह उस वक्त का बताया जा रहा है, ज़ब वह अपने दोस्त महेश कुमार से मिलने उनके घर गए थे। महेश बीएसएफ की 200वीं बटालियन में तैनात हैं और उनकी पोस्टिंग मणिपुर में बताई जा रही है।

इसी दौरान आझई चौकी प्रभारी मनोज भाटी पुलिस फोर्स के साथ घर पहुंचे। आरोप है कि किसी पुराने मामले को लेकर महेश को हिरासत में लेने की कोशिश की गई और उनके साथ अभद्रता की गई। पीड़ित राधाचरण का कहना है कि जब उन्होंने महेश की गोद में मौजूद पांच महीने के बच्चे को संभालने की बात कही और गाली-गलौज का विरोध किया, तो चौकी प्रभारी भड़क गए।

पत्नी के साथ भी धक्का-मुक्की की

राधाचरण के मुताबिक, जब उन्होंने बताया कि वे इंडियन आर्मी में हैं, तो दारोगा ने और ज्यादा आक्रामक व्यवहार किया और 14 सेकेंड के भीतर उनके चेहरे पर लगातार 6 मुक्के जड़ दिए। यह पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। आरोप यह भी है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने महेश कुमार की बुजुर्ग मां और उनकी पत्नी के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया।

वहीं, चौकी इंचार्ज मनोज भाटी का कहना है कि होली के मद्देनजर गांव में फ्लैग मार्च और वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही थी। उनके अनुसार, पूछताछ के दौरान महेश की ओर से बदसलूकी की गई। सीओ सदर पीतमपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में दरोगा दोषी पाए जाते हैं, तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामला जांच के अधीन है। CCTV वीडियो सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *