- दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके से बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक निर्माणाधीन बिल्डिंग गिर गई है
नई दिल्ली: दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक निर्माणाधीन बिल्डिंग गिर गई है। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, जो बिल्डिंग गिरी, वह तीन मंजिला है। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंची हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हो गया है।
दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी के मुताबिक, मलबे में कम से कम 15 लोगों के दबे होने की आशंका है। कई लोग घायल भी हुए हैं। घटना सुबह 9:50 बजे हुई। इसके बाद राहत और बचाव के लिए टीमें मौके पर पहुंचीं।
दिल्ली में इस साल इमारत गिरने का यह छठा बड़ा हादसा है। इससे पहले 5 हादसों में 21 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें साकेत, रोहिणी, करोल बाग, सत्य निकेतन और सीमापुरी में हुए हादसे शामिल हैं। जान गंवाने वालों में कई छात्र भी शामिल थे।

मौके पर NDRF की टीम और दमकल की 6 गाड़ियां राहत और बचाव में जुटी हैं।

बिल्डिंग तक पहुंचने का रास्ता काफी संकरा है, जिससे परेशानी हो रही है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में NDMC, दिल्ली पुलिस और MCD की टीमें भी जुटी हैं।

दमकल विभाग के मुताबिक, अभी यह साफ नहीं है कि मलबे में कुल कितने लोग फंसे हैं।
प्रत्यक्षदर्शी बोले- 3-4 महीने से बन रही थी बिल्डिंग
प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद नईम ने बताया कि इमारत पिछले 3-4 महीने से बन रही थी। तीन-चार लिंटर डाले जा चुके थे और वे सभी एक साथ गिर गए। घटना के समय करीब तीन-चार लोग मौजूद थे। एक शव को मलबे से बाहर निकालते हुए देखा गया है।
AAP ने दिल्ली सरकार पर सवाल उठाए
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने इमारत गिरने की घटना पर CM रेखा गुप्ता सरकार और MCD को घेरा। उन्होंने X पर कहा कि कई बार सुरक्षा ऑडिट के आदेश के बावजूद दिल्ली में इमारतें गिर रही हैं।
भारद्वाज ने सरकारी विभागों पर रिश्वतखोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो लोग रिश्वत नहीं देते, उनकी इमारतें सील कर दी जाती हैं, जबकि दूसरी इमारतों पर कार्रवाई नहीं होती।
उन्होंने दमकल विभाग और SDM कार्यालयों में भी वसूली का आरोप लगाया और ग्रेटर कैलाश-2 में दो जिम सील करने की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

