Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

कनाडा में रह रहे भारतीयों के लिए बड़ी खबर, भारत सरकार ने जारी की एडवाइजरी

नई दिल्ली : कनाडा में सिख कार्यकर्ता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो द्वारा भारत पर लगाए आरोपों के बीच भारत ने भी मुंह तोड़ जवाब दिया। भारत सरकार ने कनाडा में रह रहे भारतीयों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है जिसमें भारतीय छात्रों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

एडवाइजरी के अनुसार, कनाडा में बढ़ती भारत विरोधी गतिविधियों और राजनीतिक रूप से क्षमा किए जाने वाले घृणा अपराधों और आपराधिक हिंसा को देखते हुए, वहां के सभी भारतीय नागरिकों और यात्रा पर विचार करने वालों से अत्यधिक सावधानी बरतने का आग्रह किया गयाहै। हाल ही में, धमकियों ने विशेष रूप से भारतीय राजनयिकों और भारतीय समुदाय के उन वर्गों को लक्षित किया है जो भारत विरोधी एजेंडे का विरोध करते हैं। इसलिए भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे कनाडा के उन क्षेत्रों और संभावित स्थानों की यात्रा करने से बचें जहां ऐसी घटनाएं हुई हैं।

एडवाइजरी के अनुसार, हमारा उच्चायोग/वाणिज्य दूतावास कनाडा में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए कनाडाई अधिकारियों के साथ संपर्क में बना रहेगा। कनाडा में बिगड़ते सुरक्षा माहौल को देखते हुए, विशेष रूप से भारतीय छात्रों को अत्यधिक सावधानी बरतने और सतर्क रहने की सलाह दी गई। कनाडा में भारतीय नागरिकों और भारत के छात्रों को ओटावा में भारतीय उच्चायोग या टोरंटो और वैंकूवर में भारत के महावाणिज्य दूतावासों के साथ अपनी संबंधित वेबसाइटों, या MADAD पोर्टल madad.gov.in के माध्यम से पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण से उच्चायोग और महावाणिज्य दूतावास किसी भी आपातकालीन या अप्रिय घटना की स्थिति में कनाडा में भारतीय नागरिकों के साथ बेहतर तरीके से जुड़ने में सक्षम होंगे।

बता दें कि भारत के सबसे ज्यादा सिख कनाडा में रहते है। कनाडा की कुल आबादी तकरीबन 3 करोड़ 82 लाख है। इनमें से 2.6% यानी 9 लाख 42 हजार 170 पंजाबी हैं। पंजाब से हर साल औसतन 50 हजार युवा पढ़ने के लिए विदेश जाते हैं।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि कनाडा में भारतीय उच्चायोग, महावाणिज्य दूतावास कनाडा में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए कनाडाई अधिकारियों के साथ संपर्क में रहेंगे।

कनाडाई पीएम ट्रूडो ने बीते सोमवार को दावा किया कि उनके देश के राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों के पास यह मानने के कारण हैं कि “भारत सरकार के एजेंटों” ने खालिस्तान टाइगर फोर्स के प्रमुख हरदीप निज्जर की हत्या को अंजाम दिया। इसके बाद कनाडा से एक भारतीय राजनयिक को निष्कासित कर दिया गया। मंगलवार को भारत ने कनाडाई पीएम के आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें ‘बेतुका’ और ‘प्रेरित’ बताया। इसके बाद कनाडा के एक वरिष्ठ राजनयिक को भारत से निष्कासित कर दिया गया।

Canada #IndianStudents #IndiaCanadaRelationship #PM Modi

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *