नई दिल्ली : कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस ने इस सूची में 124 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और दिग्गज नेता डीके शिवकुमार का नाम शामिल है। पूर्व सांसद राहुल गांधी ने 20 मार्च को बेलगावी में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला। पूर्व सांसद ने कहा कि आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ होगा। कांग्रेस के सभी नेता एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया वरुणा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, डी के शिवकुमार कनकपुरा सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे। इसके अलावा, मंगलोर से यूटी अब्दुल खादर अली फरीद। श्रृंगेरी से टीडी राजगौड़ा, शिवाजी नगर से रिजवान इरशदए, गांधीनगर से दिनेश राव, विजय नगर से एम कृष्णम्प्पा और बेल्लारी आरक्षित सीट से बी नागेंद्र को टिकट दिया गया है।
कर्नाटक में कुल 224 विधानसभा सीटें हैं। कर्नाटक की सत्ता पर फिलहाल बीजेपी काबिज है। कांग्रेस एक बार फिर कर्नाटक सरकार में वापसी की उम्मीद लगाए हुए है। पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी थी, लेकिन बहुमत से दूर रह गई थी। इसके बाद कांग्रेस और जेडीएस गठबंधन ने राज्य में सरकार बनाई थी। ये सरकार 5 साल तक नहीं चल सकी थी।

