Breaking
Wed. Apr 8th, 2026

वैभव का खौफ! बुमराह जैसे दिग्गज भी हुए सावधान, स्टेन बोले- गेंदबाजों में डर बैठ गया है

  • आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का धमाकेदार प्रदर्शन चर्चा में है, पूर्व दिग्गज डेल स्टेन का मानना है कि वैभव ने गेंदबाजों के मन में डर बैठा दिया है, यहां तक कि जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाज भी दबाव में नजर आए

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : राजस्थान रॉयल्स के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में ऐसा खेल दिखाया कि क्रिकेट जगत हैरान रह गया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने गेंदबाजों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बना दिया है। पूर्व दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने भी इस बात को माना। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि उसने यही किया है। उसने गेंदबाजों के मन में डर पैदा कर दिया है कि वह आपको बाउंड्री के लिए मार सकता है।’

बुमराह पर भी दिखा दबाव
स्टेन के मुताबिक, वैभव के डर का असर जसप्रीत बुमराह जैसे विश्व स्तरीय गेंदबाज पर भी दिखा। उन्होंने कहा, ‘बुमराह की वह गेंद फुलटॉस जैसी थी, जो उनके लिए बेहद दुर्लभ है। शायद उनके दिमाग में चल रहा था कि अगर गलती हुई तो यह लड़का छक्का मार देगा।’

गलती का मतलब छक्का
स्टेन ने आगे समझाया कि जब गेंदबाज इस तरह सोचने लगते हैं, तो गलतियां बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा, ‘अगर आप ऐसा सोचते हैं, तो अक्सर आप गलती कर बैठते हैं। और यही हुआ, जैसे ही गेंद गलत पड़ी, वैभव ने उसे छक्के के लिए भेज दिया।’

निडर बल्लेबाजी ही ताकत
स्टेन ने वैभव की सबसे बड़ी ताकत उनकी निडरता को बताया। उन्होंने कहा, ‘यह बच्चा किसी से नहीं डरता। अगर आप हाफ-वॉली डालेंगे, तो वह गेंद को स्टेडियम के बाहर भेज देगा, चाहे आप बुमराह हों या कोई और।’

मैच में क्या हुआ?
इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 27 रन से हराया। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने 80 रन की तेज साझेदारी की। वैभव ने 14 गेंदों पर 39 रन बनाए, जिसमें बुमराह के खिलाफ दो छक्के शामिल थे। वैभव सूर्यवंशी अब सिर्फ एक युवा खिलाड़ी नहीं, बल्कि गेंदबाजों के लिए चुनौती बन चुके हैं। उनका आत्मविश्वास और आक्रामक अंदाज उन्हें खास बनाता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *