Breaking
Sat. Apr 18th, 2026

भीषण आंधी से 150 बिजली खंभे क्षतिग्रस्त, मथुरा के बलदेव क्षेत्र में आपूर्ति ठप, एक्सईएन के निर्देशन में सुचारु करने के लिए जुटी टीम

दैनिक उजाला, मथुरा (बलदेव) : बीते दिन आई भीषण आंधी ने बलदेव क्षेत्र में व्यापक तबाही मचाई। तेज हवाओं और धूलभरी आंधी के चलते करीब 150 बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कस्बा सहित आसपास के दर्जनों गांवों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। अचानक आपूर्ति बाधित होने से लोगों को भीषण गर्मी के बीच काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रातभर अंधेरे में रहने को मजबूर उपभोक्ताओं को पेयजल संकट सहित कई समस्याओं से जूझना पड़ा।

घटना के बाद देर रात अधिशासी अभियंता के निर्देश पर विद्युत विभाग की टीम ने आपूर्ति बहाल करने का प्रयास शुरू किया। टीम ने कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने का प्रयास भी किया, लेकिन व्यापक नुकसान के चलते रात में सफलता नहीं मिल सकी।

बुधवार सुबह होते ही विभाग की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर मरम्मत कार्य में जुट गईं। खंभों को सीधा करने, टूटे तारों को बदलने और लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। कार्य में मशीनों और अतिरिक्त कर्मचारियों की भी मदद ली जा रही है, ताकि जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल की जा सके।

अधिशासी अभियंता गौरव कुमार ने बताया कि आंधी के कारण बलदेव क्षेत्र में विद्युत विभाग को भारी नुकसान हुआ है। कई स्थानों पर खंभे पूरी तरह गिर गए हैं, जबकि कई जगह तार टूट गए हैं। उन्होंने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर मुख्य लाइनों को ठीक किया जा रहा है, ताकि पहले कस्बा और अधिक आबादी वाले क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति शुरू की जा सके।

उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं और शीघ्र ही बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द राहत दिलाने की मांग की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *