दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : एशिया कप के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा जब भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम ने जहां सुपर-4 के अपने शुरुआती दोनों मैच जीतने के साथ खिताबी मुकाबले के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया था। वहीं पाकिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ सुपर-4 के अपने तीसरे मुकाबले को 11 रनों से जीतने के साथ फाइनल में अपनी जगह बनाई।
पाकिस्तानी टीम को अभी तक एशिया कप 2025 में दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है, जिसमें दोनों ही मैच भारत के खिलाफ थे, ऐसे में फाइनल से पहले उनकी टीम पर दबाव साफतौर पर देखने को मिल सकता है। वहीं खिताबी मैच को लेकर पाकिस्तानी टीम के हेड कोच माइक हेसन का भी बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने साफ कर दिया कि उनकी टीम का पूरा ध्यान सिर्फ क्रिकेट खेलने पर रहने वाला है।
बांग्लादेश के खिलाफ सुपर-4 मैच में जीत हासिल करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तानी टीम के हेड कोच माइक हेसन आए थे, जिसमें उनसे भारत के खिलाफ होने वाले फाइनल मुकाबले को लेकर सवाल पूछा गया, जिसको लेकर उन्होंने कहा कि मेरा प्लेयर्स को सिर्फ यही मैसेज है कि उनका ध्यान पूरी तरह से क्रिकेट पर होना चाहिए। वहीं जहां तक मैदान पर होने वाली चीजों के बारे में बात है तो इस तरह के दबाव भरे मुकाबलों में ऐसा देखने को मिलता है। भारत दुनिया की टॉप टीम है और हमें उनपर दबाव बनाने की कोशिश करनी होगी और यही हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती रहने वाली है।
पिछले मैच में अभिषेक की पारी ने हमसे मुकाबला छीन लिया
भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप स्टेज में जहां एकतरफा जीत हासिल की थी तो वहीं सुपर-4 मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। इसको लेकर पाकिस्तानी टीम के हेड कोच माइक हेसन ने कहा कि पहले मैच में हमने काफी खराब खेल दिखाया था, लेकिन दूसरे मुकाबले को देखा जाए तो उसमें हमारा कंट्रोल काफी अच्छा देखने को मिला था, लेकिन अभिषेक शर्मा की आक्रामक पारी ने मैच को पूरी तरह से एकतरफा करने का काम किया। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को दुबई के मैदान पर खेला जाएगा।

