मथुरा : ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की मथुरा सीट से जीत की हैट्रिक लगाई है। वह मथुरा से तीसरी बार चुनाव जीत गई हैं। अपनी इस जीत का उन्होंने खास अंदाज में जश्न मनाया है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो साझा किया है। इसमें हेमा मालिनी को फायर गन के साथ जीत की खुशी मनाते देखा जा सकता है।
सामने आए वीडियो में हेमा मालिनी के चेहरे पर जीत की खुशी साफ झलक रही है। वे नारंगी रंग की साड़ी पहने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जश्न मना रही हैं। गले में फूलों की माला पहने ड्रीम गर्ल के हाथ में फायर गन है। उत्तर प्रदेश के मथुरा लोकसभा सीट से भाजपा की हेमा मालिनी ने तीसरी बार जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी मुकेश धनगर को हराया है।
लोकसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के बाद हेमा मालिनीको विजेता प्रमाण पत्र मिला। हेमा मालिनी ने अपनी जीत पर सभी का शुक्रिया अदा किया। बॉलीवुड अभिनेत्री की जीत पर उनकी बेटी एशा देओल ने भी बधाई दी। एशा देओल ने अपनी मां की जीत पर पोस्ट साझा किया है। उन्होंने हेमा मालिनी की तस्वीर साझा कर लिखा, ‘बधाई हो मम्मा, हैट्रिक’।
राजनीति में आने से पहले हेमा मालिनी का फिल्मी दुनिया में लंबा करियर रहा है। उनकी गिनती सफल और काबिल अभिनेत्रियों में रही है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1963 में आई तमिल फिल्म ‘इधु साथियम’ से की था। इसके बाद वे पहली बार फिल्म ‘सपनों का सौदागर’ में नजर आईं। यह फिल्म साल 1968 में रिलीज हुई थी और इस हिंदी फिल्म में मुख्य भूमिका में नजर आई थीं।

