उचाना (जींद) : ओ ताऊ थोड़ी देर कु मुझे भी बिठा ले ज्हाज मैं…जींद में एक कार्यक्रम में पहुंचे सीएम नायब सैनी को एक युवक ने चिल्लाकर आवाज लगा दी। युवक ने हेलिकॉप्टर में बैठे सीएम से खुद को भी हेलिकॉप्टर में बैठाने की डिमांड की।
इसके बाद युवक ने रेलिंग कूदकर सीएम के हेलिकॉप्टर की ओर दौड़ लगा दी। सीएम के सिक्योरिटी स्टाफ ने युवक को उनसे मिलवाया। सीएम सैनी ने भी युवक को अपने साथ हेलिकॉपटर में पास ही बैठा लिया। दोनों के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई।
युवक सोनू ने बताया कि…

ताऊ (सीएम सैनी) ने मेरा रुक्का सुन लिया। बाब्बा की दया तै, मैं जहाज में बैठ लिया। (सीएम सैनी ने मेरी आवाज सुन ली, इसके बाद भगवान की कृपा से हेलिकॉप्टर में बैठकर उनसे मिला)

सुरक्षाबलों के साथ सीएम सैनी के हेलिकॉप्टर में बैठने जाता युवक।
- युवक रैली खत्म कर जाने लगे सीएम: सीएम नायब सैनी जींद के उचाना में बुधवार को विधायक देवेंद्र अत्री द्वारा आयोजित विकास रैली को संबोधित करने आए थे। जैसे ही रैली खत्म हुई तो सीएम हेलिकॉप्टर में बैठकर रैली स्थल से चलने लगे। ग्राउंड में खड़ी भीड़ भी सीएम को हाथ हिलाकर विदाई देने लगी। इसी दौरान रैली में आया जींद के घसो गांव निवासी सोनू सीएम को देखकर जोर जोर से चिल्लाने लगा।
- रेलिंग फांदकर दौड़ा युवक: सोनू ने सीएम चिल्लाकर कहा कि ओ ताऊ हमणे भी बिठा लै ज्याज में, बिठा वेगा के। (सीएम अपने हेलिकॉपटर में मुझे भी बैठा लो, बिठाओगे क्या) इसके बाद सीएम सैनी ने अपने सुरक्षाबलों से युवक को बुलाने के लिए कहा। इतना सुनते ही युवक रेलिंग फांदकर सीएम से मिलने के लिए दौड़ने लगा।
- 15 मिनट तक सीएम से बातचीत: हेलिकॉप्टर के पास पहुंचते ही सीएम ने युवक को अपने पास ऊपर बुला लिया। इसके बाद सीएम ने करीब 15 मिनट तक युवक सोनू के साथ बातचीत की। सोनू का कहना है कि सीएम ने पढाई के साथ साथ परिवार के बारे में भी पूछा। सबका हालचाल जाना। इसके बाद वे मुझे नीचे उताकर आगे चले गए।
सोनू की मां बोली- 200 रुपए लेकर रैली में गया सोनू की मां शांति ने बताया कि वह सीएम की रैली में गया था। घर से लड़-झगड़कर 200 रुपए लेकर गया था। रैली में जाने के लिए सोनू के पिता से उसे 200 रुपए दिलाए। हम बोल रहा था कि मेरा ताऊ (सीएम सैनी) ही करेगा अब तो काम। हमेशा रैलियों में जाता रहता था।
हमनें कभी मुख्यमंत्री और हेलिकॉप्टर नहीं देखा था। कभी कोई सीएम नहीं मिला। बेटे ने भी कभी हेलीकॉप्टर नहीं देखा था। ऐसा लग रहा है, हमें कल ही सरकार मिली है। सोनू की मां ने कहा कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि ऐसा कुछ होगा। मुख्यमंत्री से मिलना तो दूर, उन्होंने कभी उन्हें पास से देखा भी नहीं था और हेलिकॉप्टर भी कभी नहीं देखा था। इस घटना से उन्हें बहुत खुशी मिली है।

सोनू ने बताया कि मैं अपने भगवान (सीएम सैनी) से मिल लिया।
CM से मिलने के बाद क्या बोला युवक
भगवान ने सीएम से मिलाया: युवक सोनू ने सीएम से मिलने के बाद बताया कि मेरे दिल में सीएम से मिलने के बाद बहुत खुशी है। मुझे परमात्मा के दर्शन करने की इच्छा थी। भगवान ने भी सीएम से खुद मेरी मुलाकात कराई। सीएम से मिलते ही मैं उनके पैरों में लेट गया। मुझे मेरा परमात्मा मिल गया। मैं घर से 200 रुपए लेकर निकला था।
सीएम बोले- सबका भला करेंगे: सोनू ने बताया कि सीएम ने मिलने के बाद मेरा हालचाल पूछा। उन्होंने कहा कि सबका भला करेंगे। ताऊ सैनी ने फ्री में इलाज करने की स्कीम निकाल दी। मैं हमेशा इनका चौकीदार और भगत बनकर रहूंगा। सीएम ने मिलने के बाद आशीर्वाद भी दिया। कहा कि सरकार आपके साथ है।
सर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया: सीएम ने सर पर हाथ रखा। इसके बाद मैंने तीन बार थापी मारी। इसकी बड़ी खुशी हुई। सीएम से मिलने के बाद मुझे रात भर नींद भी नहीं आई। अब सीएम ने भाईचारा निभाया है। हम भी उनका साथ देते रहेंगे।

