Breaking
Thu. Nov 5th, 2026

‘हमने 15 साल तक के बच्चों के लिए बंद किया सोशल मीडिया, PM मोदी भी यही करेंगे’, बोले फ्रांस के राष्ट्रपति

  • फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने PM मोदी से आह्वान किया कि वे भी 15 साल की उम्र से कम के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन कर दें

नई दिल्ली : India AI Summit 2026 में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने PM मोदी से आह्वान किया कि वे भी 15 साल की उम्र से कम के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन कर दें। मैक्रों ने कहा कि फ्रांस ने 15 साल के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बंद कर दिया है। हम इस रास्ते पर आगे निकल चुके हैं। प्रधानमंत्री मोदी भी  इसी रास्ते पर चलेंगे।

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों बोले, ‘बच्चों और किशोरों की सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री मोदी भी इस क्लब में शामिल होंगे।’ मैक्रों ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री मोदी बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगाने के लिए कार्रवाई करेंगे। उन्होंने आगे कहा, ‘बच्चों की सुरक्षा कोई नियम नहीं, बल्कि सभ्यता है।’

मैक्रों ने गिनाया- 10 साल में कैसे बदला भारत

मैक्रों ने कहा, ’10 साल पहले मुंबई में एक स्ट्रीट वेंडर अपना बैंक खाता नहीं खोल सकता था। लेकिन आज वही वेंडर अपने फोन पर पेमेंट लेता है। भारत ने कुछ ऐसा बनाया है जो विश्व के किसी भी देश ने नहीं किया है। भारत ने 1.4 अरब लोगों के लिए डिजिटल पहचान बनाई है। एक पेमेंट सिस्टम जो अब हर महीने 20 अरब का लेन-देन कराती है। एक हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर जिसने 50 करोड़ डिजिटल स्वास्थ्य आईडी जारी की हैं।’

विभाजन के बजाय जोड़ने पर करना होगा फोकस

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों बोले, ‘ऐसे वक्त में जब टेंशन बढ़ रही है, हमारे सभी डिजिटल टूल्स को इस समावेशी दृष्टिकोण की तरफ निर्देशित करने की जरूरत और भी बढ़ गई है, ताकि हम ना सिर्फ भारत में बल्कि अफ्रीकी महाद्वीप में भी मजबूत हो सकें। आइए हम सब मिलकर विभाजन के बजाय जोड़ने, विनाश के बजाय सृजन करने और लेने के बजाय साझा करने पर फोकस करें।’

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *