Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

IND vs NZ: भारतीय गेंदबाजों का कहर, न्यूजीलैंड की टीम 108 रन पर सिमटी

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुक़ाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। मात्र 15 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड के आधे बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। टीम को पहला झटका मैच की 5वीं गेंद पर लगा। इस मैच में भारतीय टीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कीवी टीम को मात्र 108 रन पर ढेर कर दिया है।

सलामी बल्लेबाज फिन एलेन बिना खाता खोले ही मोहम्मद शमी की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। कीवी टीम इस झटके से उभार ही नहीं पाई थी कि मोहम्मद सिराज ने दूसरा झटका दे दिया। आठ रन के स्कोर पर शमी ने हेनरी निकोलस को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया है। निकोलस 20 गेंद में दो रन बनाकर आउट हुए।

कीवी टीम को तीसरा झटका भी मोहम्मद शमी ने ही दिया। उन्होंने डेरिल मिचेल को एक रन के स्कोर पर खुद कैच लेकर पवेलियन भेजा। मिचेल ने तीन गेंद पर एक रन बनाए। इसके बाद 15 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड का चौथा विकेट गिरा। हार्दिक पांड्या ने अपनी ही गेंद पर डेवोन कॉन्वे का कैच पकड़ा। कॉन्वे ने 16 गेंद में सात रन बनाए। 15 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड को पांचवां झटका लगा। शार्दुल ठाकुर ने कीवी कप्तान टॉम लाथम को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। लाथम ने 17 गेंद में एक रन बनाया। कप्तान लाथम के आउट होने के साथ न्यूजीलैंड की टीम मुश्किल में फंस गई है। अब तक टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया।

56 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड का छठा विकेट गिरा। मोहम्मद शमी ने माइकल ब्रेसवेल को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया। ब्रेसवेल ने 30 गेंद में 22 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके लगाए। 103 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड का सातवां विकेट गिरा है। मिशेल सैंटनर 39 गेंद में 27 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक पांड्या की गेंद पर वह बोल्ड हो गए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाए।

103 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड का आठवां विकेट गिरा है। वॉशिंगटन सुंदर ने ग्लेन फिलिप्स को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। फिलिप्स इस पारी में अब तक न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। 52 गेंद में 36 रन बनाए।

105 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड का नौवां विकेट गिरा है। लॉकी फर्ग्यूस नौ गेंद पर एक रन बनाकर आउट हुए। वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने उनका कैच पकड़ा। आखिरी विकेट कुलदीप यादव ने लिया। कुलदीप ने ब्लेयर टिकनर के एलबीडब्ल्यू आउट कर न्यूजीलैंड की पारी समेट दी। टिकनर ने दो रन बनाए। दूसरे छोर पर हेनरी भी दो रन बनाकर नाबाद रहे। अब भारत के सामने यह सीरीज जीतने के लिए 109 रन का आसान लक्ष्य है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *