- ईरान ने इजराइल के 14 शहरों पर मिसाइलें दागीं
तेहरान/तेल अवीव : अमेरिका ने ईरान में 3 परमाणु ठिकानों पर हमला किया है। ये ठिकाने फोर्डो, नतांज और इस्फहान हैं। हमला भारतीय समयानुसार रविवार सुबह 4:30 बजे हुआ।
ट्रम्प ने ईरान पर हमले के 3 घंटे बाद देश को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ईरान की अहम न्यूक्लियर साइट्स ‘obliterate’ यानी कि पूरी तरह से तबाह कर दी गई हैं। फोर्डो पर बमों की एक पूरी खेप गिरा दी गई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को धमकी देते हुए कहा कि अब उसे शांति कायम करना चाहिए। अगर वह ऐसा नहीं करता है, तो उस पर और बड़े हमले किए जाएंगे।
अमेरिका के हमले के जवाब में ईरान ने इजराइल पर मिसाइलें दागीं हैं। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि उन्होंने इजराइल पर सबसे बड़ा अटैक किया है। इसके तहत इजराइल के 14 अहम ठिकानों को निशाना बनाया गया है।
टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक हाइफा और तेल अवीव के मिलिट्री और रिहायशी ठिकानों पर ईरानी मिसाइलें गिरी हैं। इजराइल में अब तक 23 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है।
ईरान हमले की ब्रीफिंग के दौरान व्हाइट हाउस सिचुएशन रूम में डोनाल्ड ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (दाएं) और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस शनिवार को वाशिंगटन स्थित व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में बैठे हुए हैं। तस्वीर व्हाइट हाउस ने जारी की।

ईरान पर स्ट्राइक के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम से स्थिति पर नजर रखे हुए थे।

ट्रम्प के साथ सिचुएशन रूम में व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूजी विल्स, ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन और बाकी कैबिनेट सदस्य थे।
ईरान में 13 जून से अब तक 657, इजराइल में 24 की मौत
इजराइल-ईरान के बीच जारी संघर्ष का आज 10वां दिन है। अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, ईरान में 13 जून से अब तक 657 लोगों की मौत हुई है और 2000 से ज्यादा घायल हैं।
हालांकि, ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सिर्फ 430 नागरिक के मारे जाने और 3,500 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। वहीं, इजराइल में 21 जून तक 24 लोग मारे गए हैं, जबकि 900 से ज्यादा घायल हुए हैं।
इजराइली एयरलाइन ने 7 जुलाई तक सभी फ्लाइट्स कैंसिल की
इजराइली एयरलाइन ने 7 जुलाई तक सभी फ्लाइट्स की टिकट बिक्री पर रोक लगा दी है। कंपनी ने कहा है कि जिन यात्रियों ने 7 जुलाई तक की फ्लाइट्स की बुकिंग कर रखी है, वे बिना किसी पैसे की कटौती के अपनी यात्रा कैंसिल कर सकते हैं। ऐसे यात्रियों को पूरे टिकट मूल्य का क्रेडिट वाउचर मिलेगा, जिसे अगले दो सालों तक कभी भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
ब्रिटेन ने ईरान पर अमेरिकी हमले का समर्थन किया
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा है कि ईरान का न्यूक्लियर प्रोग्राम दुनिया की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बन गया है। उन्होंने ईरान से अपील की है कि वह बातचीत के जरिए इस संकट को खत्म करने में मदद करे।
स्टार्मर ने कहा कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार बनाने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने ईरान की परमाणु ठिकानों पर रात में जो हमले किए, वे इसी खतरे को कम करने के लिए किए गए हैं।
स्टार्मर के मुताबिक, फिलहाल मध्य पूर्व की स्थिति बहुत तनावपूर्ण बनी हुई है और वहां स्थिरता बनाए रखना पूरी दुनिया की एक जरूरी प्राथमिकता होनी चाहिए।
ईरान बोला- खतरनाक जंग की शुरुआत कर रहा अमेरिका
ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका ने उसके परमाणु ठिकानों पर हमला करके अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन किया है। यह हमला उस समय हुआ जब कूटनीतिक बातचीत चल रही थी।
ईरान ने अमेरिका पर आरोप लगाया कि वह इजराइल जैसे आक्रामक देश का साथ देकर एक खतरनाक जंग की शुरुआत कर रहा है। ईरान ने साफ कहा कि वह अपने देश की सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए पूरी ताकत से जवाब देगा। ईरान ने अमेरिका को एक गैर-जिम्मेदार देश बताया जो किसी भी नियम का पालन नहीं करता।

