तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी : ईरान ने इजराइल पर 83वीं बार मिसाइल हमला किया। इस बार मिसाइलों पर थैंक्यू इंडिया लिखकर भेजा गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दिखा कि ईरानी सैनिक मिसाइलों पर थैंक्यू पीपल ऑफ इंडिया लिख रहे हैं।
इसी तरह स्पेन, पाकिस्तान और जर्मनी के लिए भी संदेश लिखे गए। ईरान ने कहा कि यह कदम उन देशों के प्रति आभार जताने के लिए है जिन्होंने उसका समर्थन किया।
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) के मुताबिक, यह 83वीं स्ट्राइक थी, जिसमें लंबी और मध्यम दूरी की मिसाइलें और ड्रोन इस्तेमाल किए गए।
हमलों में इजराइल के ठिकानों के साथ खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया गया। बहरीन में पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम से जुड़े एक ठिकाने पर हमला होने का दावा किया गया है।

इजराइल पर ईरानी मिसाइल के हमले के बाद एक कार हवा में उड़ गई।

इजराइली कब्जे वाले वेस्ट बैंक के रामल्ला के एक गांव में एक व्यक्ति ईरानी मिसाइल के बचे हुए हिस्से (अवशेष) के पास खड़ा नजर आया।
ईरान में 92 हजार से ज्यादा नागरिक इमारतों को नुकसान
अमेरिका-इजराइल हमलों के बीच ईरान में भारी तबाही हुई है। ईरानी रेड क्रिसेंट के मुताबिक, देशभर में 92 हजार से ज्यादा नागरिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है।
रिपोर्ट के अनुसार, कुल 92,662 यूनिट्स प्रभावित हुई हैं, जिनमें बड़ी संख्या में रिहायशी घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं।
हमलों में स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र भी प्रभावित हुए हैं, जिससे आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इसके अलावा, राहत सेवाओं से जुड़े कई सेंटर, एम्बुलेंस और हेलीकॉप्टर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
यूक्रेन और सऊदी अरब ने रक्षा सहयोग समझौता किया
यूक्रेन और सऊदी अरब के बीच शुक्रवार को रक्षा सहयोग को लेकर समझौता हुआ है। इससे दोनों देशों के बीच सैन्य और तकनीकी साझेदारी मजबूत होगी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि यह समझौता भविष्य में रक्षा क्षेत्र में कई प्रोजेक्ट्स का रास्ता खोलेगा।
समझौते के तहत यूक्रेन सऊदी अरब को एयर डिफेंस सिस्टम मजबूत करने और ड्रोन तकनीक में सहयोग देगा। यह समझौता जेद्दा में दोनों देशों के नेताओं की मुलाकात से पहले हुआ, जहां मिडिल ईस्ट और यूक्रेन के हालात पर भी चर्चा हुई।
मौजूदा हालात में यह कदम दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

