वॉशिंगटन डीसी : रूसी राष्ट्रपति पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने अलास्का में मुलाकात की। उनके बीच यूक्रेन जंग खत्म करने पर करीब 3 घंटे मीटिंग हुई। इसके बाद दोनों नेताओं ने सिर्फ 12 मिनट की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रम्प ने कहा कि मुझे लगता है कि हमारी बैठक बहुत सकारात्मक रही। हमने कई बिंदुओं पर सहमति जताई, लेकिन कोई डील नहीं हुई। कोई समझौता तभी होगा जब वह अंतिम रूप लेगा।
वहीं, पुतिन ने कहा कि उनके लिए रूस की सुरक्षा सबसे जरूरी है। उन्होंने अगली मीटिंग मॉस्को में करने का सुझाव दिया। अपनी बात कहने के बाद दोनों नेता मंच से तुरंत चले गए।
पुतिन शनिवार को करीब 10 साल बाद अमेरिका पहुंचे। यहां उनका B-2 बॉम्बर एयरक्राफ्ट से स्वागत किया गया। उनके रेड कार्पेट पर आते ही ट्रम्प ने तालियां बजाईं। फिर पुतिन, ट्रम्प की कार में बैठकर मीटिंग के लिए रवाना हो गए।
ट्रम्प-पुतिन मुलाकात की तस्वीरें…

रूसी राष्ट्रपति पुतिन 2015 के बाद पहली बार अमेरिका पहुंचे।

राष्ट्रपति ट्रम्प ने पुतिन की अगवानी की और ताली बजाकर स्वागत किया।

दोनों नेताओं ने ‘अलास्का 2025’ लिखे पोडियम पर खड़े होकर पोज दिया। उनके पीछे B-2 बॉम्बर और अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक प्लेन एयरफोर्स वन खड़ा है।

व्हाइट हाउस ने ट्रम्प और पुतिन की मुलाकात की तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर पर ‘शांति के लिए’ मैसेज लिखा हुआ था।

मीटिंग से पहले दोनों नेताओं ने अपने डेलिगेशन के साथ तस्वीरें खिंचाई।
अहम बातें:
- ट्रम्प-पुतिन में 3 घंटे क्या बातचीत हुई, इसकी जानकारी नहीं।
- 12 मिनट चली प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों नेताओं ने किसी पत्रकार के सवाल का जवाब नहीं दिया।
- ट्रम्प ने कहा कि बैठक सकारात्मक रही, लेकिन अभी कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ।
- पुतिन ने कहा कि यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए उसकी असल वजह को खत्म करना जरूरी।
- पुतिन ने कहा कि अगर 2022 में ट्रम्प राष्ट्रपति होते, तो यूक्रेन युद्ध नहीं होता।
यूक्रेनी सांसद ने ट्रम्प पर जेलेंस्की के साथ भेदभाव का आरोप लगाया
यूक्रेन के विदेश मामलों के संसदीय समिति के अध्यक्ष ओलेक्सांद्र मेरेज्को ने ट्रम्प पर बातचीत के दौरान भेदभाव का आरोप लगाया है।
मेरेज्को ने BBC को बताया कि पुतिन का स्वागत ट्रम्प ने गर्मजोशी से किया, वहीं दूसरी तरफ फरवरी में यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ बैठक के दौरान बहुत आक्रामक व्यवहार किया गया था।
मेरेज्को ने कहा यह यूक्रेन के लिए भी एक झटका है। सांसद कहते हैं, ‘अमेरिका हमारा सहयोगी है। पुतिन एक दुश्मन हैं, एक तानाशाह हैं। यह हमें फिर से याद दिलाता है कि हम वास्तव में सिर्फ खुद पर ही भरोसा कर सकते हैं।’
मेरेज्को ने कहा कि उन्हें इस बात पर भी आश्चर्य है कि दो महीने पहले ही कीव पर रूसी हमले में एक अमेरिकी नागरिक की मौत हो गई थी । वे कहते हैं, ‘अमेरिका को हमेशा इस बात पर गर्व रहा है कि राष्ट्रपति अपने नागरिकों के लिए खड़ा है। अब यहां राष्ट्रपति एक ऐसे व्यक्ति से हाथ मिला रहे हैं जो एक अमेरिकी नागरिक की हत्या के लिए जिम्मेदार है।’
ट्रम्प ने पुतिन के साथ सहमति नहीं बन पाने का कारण बताने से इनकार किया
ट्रम्प ने पुतिन के साथ सहमति नहीं बन पाने का कारण बताने से इनकार कर दिया। फॉक्स न्यूज से बात करते हुए ट्रम्प ने कहा, ‘मुझे लगता है कि पुतिन इसे पूरा होते देखना चाहते हैं। हालांकि, एक बड़ी बात पर सहमत होने से उन्होंने मना कर दिया।’
ट्रम्प ने बताया कि पुतिन ने ये बात मानी की अगर जंग के समय वो राष्ट्रपति होते तो ये जंग कभी होती ही नहीं। ट्रम्प ने कहा, ‘यह युद्ध कभी नहीं होना चाहिए था। आप जानते हैं कि बहुत सारे युद्ध कभी नहीं होने चाहिए थे। ये बेवकूफी भरी बातें होती हैं।’ ट्रम्प ने रूस के हमले को न रोक पाने के लिए पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन को दोषी ठहराया।

