ढाका : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान 17 साल बाद देश लौट आए हैं। ढाका एयरपोर्ट के पास उनका स्वागत करने के लिए उनकी पार्टी BNP के 1 लाख कार्यकर्ता जुटे।
रहमान गिरफ्तारी से बचने के लिए 2008 में लंदन भाग गए थे। तब हसीना सरकार में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के कई मामले चल रहे थे।
बांग्लादेश में अगले साल 12 फरवरी को आम चुनाव होने हैं। शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को बैन कर दिया गया है। ऐसे में बांग्लादेशी नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) चुनाव जीतने की सबसे बड़ी दावेदार है।
BNP की अध्यक्ष खालिदा जिया की उम्र 80 साल हो चुकी है और बहुत बीमार चल रही हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि रहमान अगले PM के दावेदार हो सकते हैं।

तारिक रहमान वापस ढाका लौट आए हैं। समर्थक उनके इंतजार में नजर आए।

तारिक रहमान को देखने के लिए 300 फीट रोड पर लाखों की भीड़ जुटी।

तारिक रहमान के स्वागत की तैयारी में ट्रेनों में भरकर समर्थक ढाका पहुंचे। कई समर्थक पार्टी के झंडे लहराते नजर आए।

तारिक रहमान एयरपोर्ट से बुलेटप्रूफ बस में निकले।

तारिक की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। हजारों पुलिस वाले और सेना के जवान उनकी सुरक्षा में तैनात हैं।
शेख हसीना की पार्टी बोली- तारिक की वापसी का मकसद एकतरफा चुनाव कराना
शेख हसीना की अवामी लीग के छात्र संगठन ने तारिक की वापसी को लेकर BNP पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि तारिक रहमान की घर वापसी से देश में राजनीतिक अस्थिरता बढेगी। इस वापसी का एक ही मकसद है एकतरफा चुनाव करवाना।
ANI की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश स्टूडेंट्स लीग के अध्यक्ष सद्दाम हुसैन ने इसे “फासीवादी राजनीति” करार दिया। हुसैन ने कहा, ” तारिक की वापसी से बांग्लादेश की समस्याएं हल नहीं होंगी। इससे एकतरफा चुनाव होंगे और फासीवादी राजनीति जारी रहेगी। वह 2004 के हमले से जुड़े कई मामलों में दोषी ठहराए गए अपराधी हैं और उन्होंने न्यायिक प्रक्रियाओं को दरकिनार कर दिया है।
तारिक बोले- मैं आप सभी का आभारी हूं

लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन करते तारिक।
तारिक ने समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया। 20 मिनट पहले एक फेसबुक पोस्ट में उन्होंने लिखा था ” मैं आप सभी का आभारी हूं।”

