पंचकूला : हरियाणा में भाजपा के सभी विधायक आज (14 दिसंबर) पंचकूला स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पंचकमल पहुंचे। यहां सीएम नायब सैनी की मौजूदगी में विधायकों की बैठक चल रही। इस दौरान सीएम ने सभी विधायकों के मोबाइल स्विच ऑफ करवा दिए और उन्हें डायरी व पेन देकर जरूरी पॉइंट नोट करने के निर्देश दिए। विधायकों को एक-एक सीट छोड़कर बैठाया गया, ताकि आपसी बातचीत न हो सके।
बैठक में पंचकमल कार्यालय में मौजूद सभी भाजपा विधायकों को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा लोकसभा में दिए गए भाषण को सुनाया गया। क्योंकि देशभर में कांग्रेस SIR और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रही है और दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन भी हुआ है।
इसी के मद्देनजर हरियाणा भाजपा अपने विधायकों को अमित शाह की वह लोकसभा स्पीच सुना रही है, जिसमें उन्होंने तथ्यों के साथ स्पष्ट किया था कि SIR का परीक्षण किन-किन अवसरों पर किया गया है।
भाषण में यह भी उल्लेख किया गया कि कांग्रेस ने स्वयं 11 बार SIR का परीक्षण करवाया है, ऐसे में अब इस प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए जाने को लेकर भाजपा अपना पक्ष विधायकों के सामने रख रही है।

पंचकूला में भाजपा विधायकों को सुनाया अमित शाह का भाषण।
सीएम हाउस में बीएलए की अहम बैठक
इससे पहले भाजपा के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त 90 बीएलए-1 (बूथ लेवल एजेंट) के साथ रविवार को सीएम हाउस में बैठक हुई। बैठक में सीएम नायब सिंह सैनी, प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान सीएम ने सभी बीएलए को ट्रेनिंग दी।
दरअसल, हरियाणा में इस समय मतदाता सूची का मिलान चल रहा है। उसके बाद एसआईआर होना है। इसके लिए पार्टी बीएलओ को ट्रेनिंग दे रही है कि कैसे एसआईआर प्रक्रिया में सक्रिय रहना है, ताकि किसी योग्य मतदाता का नाम न कटे और किसी बाहरी का नाम न जुड़े।

रोहतक पार्टी कार्यालय में गृह मंत्री अमित शाह की स्पीच सुनते हुए।
पार्टी प्रवक्ताओं को सुनाई गई स्पीच
रोहतक पार्टी कार्यालय में भाजपा ने अपने प्रवक्ताओं को अमित शाह की वो लोकसभा स्पीच सुनाई गई, जिसमें उन्होंने एसआईआर काे लेकर सभी पक्ष क्लियर किए। अब प्रवक्ता इस मुद्दे पर पार्टी को डिफेंड करने और कांग्रेस को घेरने की रणनीति पर काम कर सकेंगे। रोहतक में संगठन मंत्री फणिंद्रनाथ शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर खरक, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप अहलावत सहित तमाम प्रवक्ता मौजूद रहे।

