रोहतक : हरियाणा के रोहतक में मोबाइल नंबर लेने के लिए एक महिला के पीछे पड़े युवक की लोगों ने सरेआम धुनाई कर दी। महिला बाजार में कपड़े खरीदने आई थी। इसी दौरान युवक ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया और मोबाइल नंबर मांगने लगा।
पहले तो महिला ने उसे इग्नोर किया, लेकिन जब वह आपत्तिजनक बातें करने लगा महिला सख्त हो गई और शोर मचा दिया। साथ ही युवक पर थप्पड़ों की बरसात कर दी। आसपास के लोग भी आ गए और युवक को पकड़कर पिटाई शुरू कर दी।
युवक माफी मांगने लगा, लेकिन लोगों ने उसकी पिटाई जारी रखी। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला और लोग आरोपी युवक की धुनाई करते हुए नजर आ रहे है। हालांकि इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई, लेकिन वीडियो काफी चर्चा का विषय बना हुआ है।
उधर, इस मामले में पुलिस ने भी जानकारी नहीं ना होने की बात कही है। कहना है कि यदि कोई शिकायत मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

गोहाना अड्डे पर युवक के साथ मारपीट करते हुए लोग।

युवक को पेट में भी घूसे मारे गए और थप्पड़ भी।
- भाभी मोबाइल नंबर दो ना, रात को बुलाऊंगा : यह पूरा मामला शहर के गोहाना अड्डे का है। जानकारी अनुसार, रोहतक में गोहाना अड्डे पर एक महिला कुछ सामान खरीद रही थी। इसी दौरान एक युवक आया और उससे बोला कि भाभी आप बहुत अच्छे लग रहे हो, अपना नंबर दे दो, रात को बुलाऊंगा। इतना बोलते ही महिला ने युवक को पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।
- महिला ने शोर मचाया तो लोगों ने पकड़ लिया : महिला ने शोर भी मचा दिया, जिससे आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए और युवक को पकड़कर मारने लगे। इसी दौरान एक ई-रिक्शा ड्राइवर भी मौके पर रुका और नंबर मांगने वाले युवक की धुनाई कर डाली। लोगों ने युवक को पुलिस के पास लेकर जाने के लिए कहा तो ई-रिक्शा ड्राइवर ने उसे रिक्शा में बैठाया और साथ लेकर चला गया।
- दुकानदार बोला- महिला को कर रहा था परेशान : गोहाना अड्डे के एक दुकानदार ने बताया कि वह दुकान में बैठा था। इसी दौरान एक युवक कई बार चक्कर काट चुका था और एक महिला को देखकर उसका नंबर मांग रहा था। आरोपी युवक की उम्र करीब 25-26 साल थी। लोगों ने उसकी जमकर धुनाई की और गालियां भी दीं।

युवक को पकड़कर ई-रिक्शा में बैठाते हुए।
हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया युवक
महिला ने फोन नंबर मांगने वाला युवक मारपीट के दौरान हाथ जोड़कर माफी मांगता हुआ भी नजर आया। वीडियो में कई बार कहता दिख रहा है कि वह ऐसा नहीं कर रहा था। मगर, लोग उसकी बात को अनसुना कर उसकी पिटाई करते रहे। फिर कुछ लोगों के टोकने पर उसे ई-रिक्शा ड्राइवर अपने साथ ले गया।
लोग बोले- ऐसे लोगों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए
गोहाना अड्डे पर महिला ने नंबर मांगने पर हुई युवक की धुनाई का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि बहन बेटियां बाजार में सुरक्षित नहीं है। इस प्रकार के असभ्य लोग महिलाओं को परेशान करते है। इससे महिलाएं बाहर अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं करती। ऐसे लोगों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

