Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

गोदाम से 83 लाख की खाद गायब:गोदाम प्रभारी पर गबन का केस, 23 हजार बोरियां का रिकॉर्ड नहीं मिला

भिंड : भिंड जिले में खाद संकट के बीच लहार क्षेत्र के डबल डैक खाद गोदाम में बड़ा घोटाला सामने आया है। सहकारी विपणन संघ की शिकायत पर जांच में पाया गया कि गोदाम से 83 लाख 40 हजार रुपए से अधिक मूल्य की खाद बिना किसी अनुमोदन और बिना वितरण रिकॉर्ड के गायब है। लहार थाना पुलिस ने गोदाम प्रभारी दीपक शर्मा के खिलाफ गबन का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि जिले में पिछले दिनों किसान डीएपी और यूरिया की एक बोरी के लिए घंटों कतारों में खड़े रहे। इसी बीच खुलासा हुआ कि गोदाम में हजारों बोरी खाद का लेखा-जोखा ही नहीं मिल रहा था। शुरुआती जांच में पुलिस को शिकायत सही मिली, जिसके बाद केस दर्ज किया गया।

23 हजार बोरियों का हिसाब नहीं मिला

लहार SDM विजय सिंह यादव ने कुछ दिन पहले गोदाम का निरीक्षण किया था। जांच दल ने निरीक्षण में पाया कि लहार क्षेत्र में करीब 23 हजार बोरी खाद का रिकॉर्ड नहीं है। जिला प्रशासन के अनुसार यह अनियमितता बड़ा वित्तीय नुकसान दिखाती है और बड़े स्तर पर गड़बड़ी की आशंका है।

खाद के लिए किसानों की भीड़। (फाइल फोटो)

खाद के लिए किसानों की भीड़। (फाइल फोटो)

पुलिस ने केस दर्ज किया

भारी अनियमितताओं के बाद सहकारी विपणन संघ ने आधिकारिक शिकायत पुलिस को दी। लहार थाना प्रभारी शिवसिंह यादव ने कहा कि मामला गंभीर है, गोदाम प्रभारी के खिलाफ गबन का केस दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है, आगे और नाम सामने आने की संभावना है।

पुलिस प्रशासन निरीक्षण रिपोर्ट, स्टॉक रजिस्टर और खाद वितरण रिकॉर्ड की जांच कर रहा है। घोटाले का खुलासा होते ही किसानों में नाराजगी बढ़ गई है और वे दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *