उज्जैन : उज्जैन के महाकाल मंदिर में इंदौर-1 के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला का बेटा रुद्राक्ष जबरन गर्भगृह में घुस गया। इस दौरान मंदिर कर्मचारी आशीष दुबे ने उसे रोकने की कोशिश की, तो रुद्राक्ष ने उन्हें धमकाया।
इस दौरान विधायक गोलू शुक्ला भी मौजूद थे। दोनों ने करीब 5 मिनट तक मंदिर में पूजा-अर्चना की।
दरअसल, विधायक गोलू शुक्ला की कांवड़ यात्रा रविवार रात उज्जैन पहुंची थी। सोमवार तड़के करीब ढाई बजे भस्म आरती के पट खुलने के बाद गोलू शुक्ला अपने समर्थकों के साथ महाकाल मंदिर पहुंचे। बेटा रुद्राक्ष भी साथ था। मंदिर प्रशासन के अधिकारी ने बताया कि परमिशन सिर्फ गोलू शुक्ला को दी गई थी।
विधायक बोले- 5 लोगों की परमिशन थी
रुद्राक्ष के पिता और इंदौर-1 से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला ने कहा- हमारे पास परमिशन थी। बिना परमिशन हम कोई काम नहीं करते। मंदिर प्रशासक और कलेक्टर ने 5 लोगों का परमिट दिया था। दर्शन के दौरान कर्मचारी ने रोकने की कोशिश की, तो हल्की-फुल्की कहासुनी हुई।
लगभग 1 मिनट लाइव प्रसारण बंद रहा
महाकाल मंदिर में लाइव दर्शन का इंतजाम भी है। श्रद्धालु कभी भी भगवान महाकाल के दर्शन ऑनलाइन कर सकते हैं। सावन के दूसरे सोमवार को भस्म आरती से ठीक पहले ऑनलाइन दर्शन की यूट्यूब लिंक में करीब 1 मिनट ब्लैंक है।

मंदिर समिति की ओर से चौबीसों घंटे ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था भी है।
डेढ़ किमी लंबी लाइन, 200 फीट दूर से दर्शन
महाकाल मंदिर में सावन के महीने में जहां आम श्रद्धालु करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी लाइन में लगने के बाद सिर्फ 200 फीट दूर से दर्शन कर पा रहे हैं, वहीं वीवीआईपी नियमों को ताक पर रखकर गर्भगृह में प्रवेश कर रहे हैं।
4 साल पहले भी नियम तोड़कर दर्शन किए थे
4 साल पहले भी ऐसा ही विवाद सामने आया था। गोलू शुक्ला के छोटे बेटे रुद्राक्ष ने महाकाल मंदिर के गर्भगृह में जाकर दर्शन किए। रुद्राक्ष ने यहां फोटो खिंचवाया और उसे फेसबुक पर अपलोड भी किया था। रुद्राक्ष अपने दोस्तों के साथ दर्शन करने पहुंचा था।

तस्वीर 2021 के सावन महीने की है। विधायक के बेटे ने तब भी नियम विरुद्ध दर्शन किए थे।
महाकाल मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश पर बैन है
महाकाल मंदिर के गर्भगृह में श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित है। यहां केवल पुजारी ही जा सकते हैं। वीआईपी भी नंदी के नजदीक से ही दर्शन कर सकते हैं। प्रतिबंध भगवान महाकाल की प्रतिमा की सुरक्षा को देखते हुए लगाया गया था।

