बहरोड़ : प्रेम प्रसंग में सेना के रिटायर्ड जवान ने सुसाइड कर लिया। जवान ने लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मार ली। मामला कोटपूतली-बहरोड़ जिले के मांढण थाना क्षेत्र का है। घटना मंगलवार दोपहर 1:30 बजे की है।
मांढण थाना अधिकारी रामकिशोर शर्मा ने बताया-दोपहर पौने 2 बजे सूचना मिली कि गांव नानगवास में एक युवक ने गोली मारकर सुसाइड कर लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पिस्टल और खोल को कब्जे में लिया। युवक की पहचान प्रवीण कुमार (40) के रूप में हुई। परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि प्रवीण 10 साल पहले सेना से रिटायर हुआ था। जहां वह क्लर्क के रूप में काम करता था। अब वह देहरादून की किसी कंपनी में काम करता है। तीन दिन पहले ही वह देहरादून से आया था।

प्रवीण तीन दिन पहले ही देहरादून से लौटा था।
चाय के लिए बुलाने गई मां को लहूलुहान बेड पर पड़ा मिला
पुलिस ने बताया-दोपहर को मां नए घर के पीछे स्थित पुराने मकान में कुछ काम कर रही थी। इस दौरान प्रवीण नए मकान के गेस्ट रूम में था। गोली की आवाज सुनकर उसे लगा कि दीपावली पर कोई पटाखे चला रहा होगा। दोपहर 1:30 बजे वह चाय के लिए उसे जगाने गई। जहां लहूलुहान हालत में प्रवीण बेड पर पड़ा मिला। मां के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस प्रवीण को मांढण सीएचसी लेकर पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डेडबॉडी के पास मिला सुसाइड नोट
पुलिस सूत्रों के अनुसार जवान के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें महिला के नाम का जिक्र करते हुए लिखा है कि ‘मेरे प्यार को समझा नहीं। मैं पत्नी, बच्चों और परिवार से बहुत प्रेम करता हूं। शायद मेरे मरने से खुश रहे तो मैं मर जाता हूं। ‘
सीकर में रहता है परिवार
पूछताछ में सामने आया कि प्रवीण का एक छोटा भाई है जो कि दोनों पैरों से दिव्यांग है। वहीं उसका 12 साल का बेटा और 15 साल की लड़की है, जो सीकर में पढाई करते हैं। पत्नी भी उनकी देखभाल के लिए वहीं रहती है।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
थाना अधिकारी ने बताया-घटना को लेकर प्रवीण के साले सत्येंद्र निवासी सिलारपुर (नीमराना) ने मृग रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

