- एक दिन पहले वसुंधरा राजे भी मिली थीं
जयपुर : सीएम भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। सीएम की दिल्ली में संसद भवन में पीएम से करीब 45 मिनट बातचीत हुई। इससे पहले सोमवार को वसुंधरा राजे ने पीएम से मुलाकात की थी।
राज्य की टॉप लीडरशिप से पीएम की मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि दोनों नेताओं से राजस्थान की मौजूदा राजनीति को लेकर फीडबैक लिया है। इन मुलाकातों के बाद प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा बढ़ गई है।
इन मुलाकात को जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफे के बाद प्रदेश की राजनीति में आए वैक्यूम को भरने की कवायद से जोड़कर भी देखा जा रहा है। धनखड़ के इस्तीफे के बाद प्रदेश से किसी भी बड़े पद पर कोई जाट चेहरा नहीं है।
ऐसे में आने वाले समय में जाट समुदाय को किस तरह से साधा जाए। उन्हें सत्ता और संगठन में किस तरह से एडजस्ट किया जाए। इन मुद्दों को लेकर भी पीएम की वसुंधरा और सीएम से चर्चा होना बताया जा रहा है।

सीएम भजनलाल शर्मा की संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करीब 45 मिनट की मुलाकात हुई।
मंत्रिमंडल विस्तार में सभी गुटों को मौका
वसुंधरा राजे सीएम नहीं बनाए जाने के बाद से अपने समर्थन वाले नेताओं को सरकार व संगठन में एडजस्ट कराने का प्रयास कर रही हैं। इसे लेकर वसुंधरा पार्टी की टॉप लीडरशिप को भी अवगत करा चुकी हैं।
वसुंधरा चाहती हैं कि उनके समर्थकों को राजस्थान की राजनीति में उचित स्थान मिले। माना यह भी जा रहा है कि वसुंधरा ने पीएम मोदी से मुलाकात के समय इस बात को भी रखा है।
वहीं, मंगलवार को पीएम से सीएम की मुलाकात के बाद प्रदेश में प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार में इसकी झलक भी देखने को मिल सकती है।
झालावाड़ हादसे और सरकार के कामकाज को लेकर चर्चा
माना जा रहा है कि पीएम ने झालावाड़ के पीपलोदी गांव में हुए स्कूल हादसे को लेकर भी दोनों नेताओं के साथ चर्चा की है। मोदी ने X अकाउंट पर पोस्ट करके घटना पर दुख जताया था।
झालावाड़ वसुंधरा राजे का निर्वाचन जिला है। इस सीट से उनके बेटे दुष्यंत सिंह सांसद भी हैं। इस घटना के बाद प्रदेश सरकार के कामकाज पर भी सवाल खड़े हुए थे।
सीएम बोले- डबल इंजन की सरकार आदर्श राज्य बनाने की दिशा में काम कर रही
मुलाकात के बाद सीएम भजनलाल ने बताया- पीएम मोदी से मिलकर राजस्थान के विकास पर चर्चा की। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और निरंतर सहयोग के लिए राजस्थान की ओर से आभार व्यक्त किया।
हमारी डबल इंजन की सरकार लगातार राजस्थान को आदर्श राज्य बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। जहां प्रत्येक किसान, युवा, महिला, गरीब और वंचित वर्ग को न्याय मिल रहा है और वे अपनी पूर्ण क्षमता के साथ सम्मान युक्त जीवन जी रहे हैं।

