आगरा/इटावा/मैनपुरी : आगरा के एडिशनल सिटी मजिस्ट्रेट (ACM) राजेश जायसवाल की मैनपुरी में सड़क हादसे में मौत हो गई। PCS अफसर लखनऊ से क्रेटा कार से आगरा जा रहे थे। इसी दौरान कार को पीछे से आई रोडवेज बस ने ओवरटेक कर कट मार दिया, जिसे कार का बोनट बस के पिछले हिस्से में टकराकर बस में घुस गया। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह डैमेज हो गया।
हादसा लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर माइल स्टोन-77 के पास शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुआ। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे एक राहगीर ने यूपीडा कंट्रोल रूम लखनऊ फोन कर जानकारी दी। इसके बाद यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची।
ACM और उनके ड्राइवर को सैफई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ACM को मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर की हालत नाजुक बताई जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि राजेश जायसवाल पीछे की सीट पर बैठे थे। हादसे के बाद आगे और पीछे की सीट के बीच दब गए थे। हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया।
PCS अफसर राजेश जायसवाल मूल रूप से देवरिया के रहने वाले थे। उनका परिवार लखनऊ में रहता है, जबकि वे खुद आगरा डीएम कंपाउंड के अंदर रहते थे। राजेश कामकाज के सिलसिले में अक्सर लखनऊ आते-जाते थे। वे आगरा की किरावली तहसील में एसडीएम रह चुके थे।

सैफई में मॉर्चरी पर परिजनों और अफसरों की भीड़ लग गई।

राजेश जायसवाल का फाइल फोटो। वह आगरा की किरावली तहसील में SDM रह चुके थे।
ड्राइवर बोला- बस ने पीछे से आकर कट मारा
ACM के ड्राइवर पंकज कुमार शर्मा ने बताया- हमारी कार करहल के पास ओवरटेक लेन पर थी। तभी रोडवेज बस मेरे पीछे से आई और चालक अचानक गाड़ी को मेरी लेन पर ले आया। जिससे उसका पिछला हिस्सा कार के बोनट से टकरा गया। हमने भी ब्रेक लगाया और बस वाले ने भी ब्रेक लगाया। इससे हमारी कार का बैलेंस बिगड़ा। गाड़ी किसी तरह डिवाइडर के सहारे रोकी। गाड़ी बुरी तरह से डैमेज हो गई। कुछ लोग आए तो उन्होंने मुझे गेट खोलकर निकाला। फिर साहब को निकाला।
हादसे के बाद ACM ने पत्नी से बात की थी
चालक ने बताया- साहब उस समय ठीक थे। मैंने साहब की बात उनकी पत्नी से करवाई थी। उन्होंने बात भी की थी। उसके बाद यूपीडा की टीम पहुंची और एम्बुलेंस से साहब को सैफई लाया गया, यहां डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया। उसके बाद उनकी डेथ हो गई।
यूपीडा अफसर को लखनऊ से मिली थी सूचना
यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी फूल सिंह ने बताया- हमें कंट्रोल रूम लखनऊ से सूचना मिली कि माइल स्टोन-78 पर हादसा हुआ है। किसी राहगीर ने लखनऊ कंट्रोल रूम को जानकारी दी थी। इसके बाद मैं तत्काल टीम के साथ मौके पर पहुंचा, तो हमें क्रेटा कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली।
कार में दो लोग घायल अवस्था में मिले। दोनों घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को ब्रॉड डेड घोषित कर दिया, जबकि चालक काे पेट में हल्की चोट लगी थी।
देखिए-

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।

हादसे के बाद यूपीडा की टीम ने एम्बुलेंस से ACM को अस्पताल भिजवाया।

हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन बुलवाकर कार को सड़क से हटवाया।

