आगरा : भाजपा महिला मोर्चा में संगठनात्मक बदलाव करते हुए अपूर्वा सिंह को महानगर अध्यक्ष और मनीषा सिंह को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने प्रदेश के सभी जिलों के अध्यक्षों की सूची जारी की है। दोनों पदाधिकारी क्षत्रिय समाज से हैं, लेकिन उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि अलग-अलग रही है।
अपूर्वा सिंह इससे पहले महिला मोर्चा की महानगर उपाध्यक्ष थीं और छात्र जीवन से ही संगठन में सक्रिय हैं। वहीं, मनीषा सिंह भाजपा में आने से पहले प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) से जुड़ी थीं और 2017 में फतेहपुर सीकरी विधानसभा से चुनाव लड़ चुकी हैं।

अपूर्वा सिंह को महिला मोर्चा का नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष बनाया गया।
अपूर्वा सिंह को छात्र राजनीति से मिला अनुभव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की संस्तुति पर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने महानगर और जिला अध्यक्षों की घोषणा की। इसमें अपूर्वा सिंह को महानगर की कमान सौंपी गई है।
अपूर्वा एमएसडब्ल्यू पास हैं और सामाजिक कार्य विषय में पीएचडी कर रही हैं। वह वर्ष 2008 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ी थीं। इसके बाद संगठन में सक्रिय रहीं और 2021 में भाजपा महिला मोर्चा की महानगर उपाध्यक्ष चुनी गईं।

मनीषा सिंह को महिला मोर्चा का नवनियुक्त जिलाध्यक्ष बनाया गया।
सपा से अलग हुए शिवपाल यादव की पार्टी में थीं मनीषा
मनीषा सिंह को जिले की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा में शामिल होने से पहले वह शिवपाल सिंह यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) में सक्रिय थीं। उन्होंने 2017 में इसी पार्टी के टिकट पर फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था।
चुनाव में मनीषा 15 प्रत्याशियों के बीच 11वें स्थान पर रही थीं। उन्हें कुल 1,040 वोट मिले थे। बाद में शिवपाल सिंह यादव की समाजवादी पार्टी में वापसी के बाद मनीषा भाजपा में शामिल हो गईं।

