नोएडा : यूपी के नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर प्राइवेट स्लीपर AC बस में आग लग गई। हादसे में 9 यात्री जिंदा जल गए। इनमें 8 पुरुष और एक महिला है। बस में 35 यात्री सवार थे। कई यात्रियों ने खिड़की तोड़कर कूदकर जान बचाई, जबकि फायर ब्रिगेड ने 20 यात्रियों को बस से रेस्क्यू किया। शव पूरी तरह जल गए हैं, इसलिए उनकी पहचान करना मुश्किल है।
हादसा बुधवार रात साढ़े 11 बजे जेवर एयरपोर्ट से 500 मीटर दूर हुआ। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से साढ़े 9 बजे महोबा के लिए निकली थी। CFO प्रदीप कुमार ने बताया- शुरुआती जांच में पता चला है कि AC में स्पार्क या ब्लास्ट से इंजन में आग लगी।
हादसे की सूचना पर फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां पहुंचीं। 45 मिनट में आग बुझाई गई। इसके बाद जवान पीछे के हिस्से को काटकर बस के अंदर गए और एक-एक शव को बाहर निकाला। 2 घंटे तक रेस्क्यू चला। राज कल्पना ट्रैवल्स की बस पूरी तरह जल चुकी है। हादसे के चलते दिल्ली-आगरा लेन 2 घंटे तक बंद रही।
पुलिस ने ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को हिरासत में लिया है। हमीरपुर के बस यात्री ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद ड्राइवर बस नहीं रोक रहा था। यात्रियों ने शीशे तोड़ने शुरू किए, तब उसने बस रोकी।

चलती बस में अचानक आग लग गई। थोड़ी देर में पूरी बस आग की चपेट में आ गई।

बस धू-धूकर जलने लगी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

फायर ब्रिगेड ने करीब 45 मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पाया।

आग बुझाने के बाद फायर ब्रिगेड के जवान बस के अंदर गए।
प्रत्यक्षदर्शी बोली- आग लगी तो ज्यादातर यात्री सो रहे थे, बस में धुआं भर गया

बस यात्री रिंकी ने कहा- सभी एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे। अंदर धुआं भरा था और सबका दम घुट रहा था
बस यात्री रिंकी राजपूत ने बताया- हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री सो रहे थे। किसी ने मुझे जगाया। कहा- बस में आग लग गई है। देखा तो बस में अफरा-तफरी मची थी। लोग चिल्ला रहे थे। सभी एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे। पूरी बस के अंदर धुआं भर गया था। सबका दम घुट रहा था। हम लोगों ने खिड़की तोड़ी। इसके बाद कूदकर जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को चपेट में ले लिया। कई लोग बस के अंदर ही रह गए थे।
रेखा बोली- बस के अंदर मैं गिर गई, लोग मेरे ऊपर से निकले
हादसे में घायल हुईं रेखा भारद्वाज जेवर के आरोग्य अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि मैं अपने पति के साथ दिल्ली से महोबा जा रही थी। मैं बस में सो रही थी। अचानक से शोर मचाना शुरू हो गया। सभी लोग बस के अंदर एक-दूसरे को धक्का देते हुए भागने लगे। बस में चारों तरफ धुआं ही धुआं हो गया। मैं भी भागने लगी तो मैं बस में ही गिर गई। मेरे ऊपर से काफी लोग निकल गए। मैं बाहर कैसे आई, यह मुझे नहीं पता। मैंने कुछ देर बाद देखा कि मैं बस के बाहर सड़क पर पड़ी थी। लेकिन मेरे पति अभी तक नहीं मिले हैं।शायद उनकी मौत हो गई है।
मृतकों में 8 पुरुष और एक महिला
आग बुझाने के बाद फायर ब्रिगेड कर्मी पीछे के हिस्से को काटकर बस के अंदर गए और एक-एक कर 9 शवों को बाहर निकाला। इनमें 8 पुरुष और एक महिला है।
एडीएम बोले- 9 की मौत हुई, एक महिला घायल
एडीएम अजीत कुमार सिंह ने बताया- प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है। कुछ लोग घायल थे। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद विशेष वाहन से महोबा भेज दिया गया है। करीब 15 लोग थे। कुछ लोग निजी वाहन से चले गए। एक महिला अभी अस्पताल में भर्ती है। उसका इलाज चल रहा है।
शवों को पोस्टमॉर्टम हाउस भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया और मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। स्लीपर बस को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

