- मां बोली- बहू के प्रेमी ने मरवाया
हाथरस : हाथरस में बुलेट सवार 2 युवकों ने एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली युवती के बाजू और फिर चेस्ट में लगी। युवती हाथरस डीएम राहुल पांडेय के ड्राइवर राकेश कुमार शर्मा की बेटी थी। वह अपनी मां के साथ शॉपिंग करके लौट रही थी। इसी दौरान यह घटना हुई। बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गए। वारदात तहसील सदर के पास हुई।
मृतका की पहचान कल्पिता शर्मा (24) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। कल्पिता को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
अब जानिए पूरा मामला…

युवती को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
तहसील सदर के क्वार्टर में राकेश कुमार शर्मा अपनी पत्नी उर्मिला देवी के साथ रहते हैं। राकेश शर्मा के 3 बच्चे थे। कल्पिता शर्मा सबसे छोटी बेटी थी। बाकी दोनों बेटे हैं। बड़े बेटे विशाल की शादी हो चुकी है। विशाल की शादी वर्ष 2022 में ज्योति के साथ हुई थी। इसके बाद ज्योति से अपने ससुरालीजनों की खटपट होने लगी।
राकेश कुमार शर्मा का बेटा विशाल जनरल मर्चेंट कलेक्ट्रेट के निकट मथुरा रोड पर जनरल मर्चेंट की दुकान करता है। उनका छोटा बेटा आकाश अभी अविवाहित है। आकाश अभी पढ़ाई कर रहा है। कल्पिता शर्मा नर्सिंग का कोर्स कर चुकी थी। उसका रिश्ता भी पिछले दिनों पक्का हो गया था।
आज शाम 6 बजे कल्पिता अपनी मां के साथ शॉपिंग करने गई थी। रात करीब 8 बजे मां-बेटी स्कूटी से शॉपिंग करके घर लौट रहे थे। अलीगढ़ रोड के तहसील सदर के गेट के पर दो बुलेट सवार लोगों ने कल्पिता शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली कल्पिता शर्मा के बाजू और फिर चेस्ट में लगी।

यह हाथरस के डीएम राहुल पांडेय हैं, जिनके ड्राइवर राकेश कुमार शर्मा की बेटी की हत्या की गई।
इस घटना से लोगों में दहशत है। हमलावरों ने तहसील सदर के गेट पर अलीगढ़ रोड पर गोली मारी है। तहसील सदर के आवास में अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी, दो उप जिलाधिकारी रहते हैं। काफी पुलिस फोर्स रहता है। इस तरह से हमलावरों अधिकारियों के निवास के सामने गोली मारी है। एक तरह से जिले की कानून व्यवस्था को भी चुनौती दी है।

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से पूछताछ की।
मां ने कहा- मेरी बहू के प्रेमी ने की हत्या
मां उर्मिला ने बताया- हम लोग शॉपिंग से लौट रहे थे। तभी 2 लोग बुलेट से आए। मेरी स्कूटी के आगे बुलेट लगा दी। इसके बाद मेरी बेटी पर गोली चला दी। मेरी बेटी स्कूटी से गिर गई। उसकी मौके पर मौत हो गई। गोली चलाने वाला मेरी बहू का प्रेमी गुलशन निवासी सादाबाद है। मेरी बहू का नाम ज्योति शर्मा है। उसी ने हत्या करवाई है। रिवाल्वर भी मेरे घर से बहू ही चोरी करके ले गई थी। मेरे बेटे की 3 साल पहले शादी हुई थी।
मां ने कहा- जिस तरह से मेरी बेटी के गोली मारी गई है, वैसे ही गोली मारने वाले की भी हत्या की जाए। आखिर मैं क्यों बेटी को आज शॉपिंग के लिए ले गई? मेरी लाडो चली गई।

मां ने बताया- गोली चलाने वाला मेरी बहू का प्रेमी है। मेरी बहू ने हत्या करवाई है।
8 महीने पहले गायब हुई थी पिस्टल
राकेश शर्मा ने बताया- मेरी बेटी को गोली मारी गई है। मै तहसील में रहता हूं। बेटे विशाल की पत्नी ज्योति से परिवार का करीब एक साल मन मुटाव चल रहा है। जनवरी में वह घर से चली गई। अपने प्रेमी गुलशन के साथ ही रहने लगी। अप्रैल के महीने में तलाक का केस भी फाइल हुआ।
ज्योति उनके पूरे परिवार से दुश्मनी मानती है। आज ज्योति के प्रेमी दुष्यंत ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर उनकी बेटी की हत्या की है।
घर से करीब सात-आठ माह पहले मेरी लाइसेंसी पिस्टल चोरी हो गई थी। उस समय ज्योति का रिश्तेदार श्याम उर्फ सूरज निवासी खोड़ा हजारी घर आया हुआ था। उसके खिलाफ पिस्टल चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अभी तक पिस्टल तलाश नहीं पाई है। उन्होंने उसी पिस्टल से हत्या किए जाने का अंदेशा जताया है।