Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

झांसी में जमींदार के बंगले से 1.5 किग्रा. सोना चोरी:कच्छाधारी गैंग ने जर्मन शेफर्ड डॉग को बेसुध किया, CCTV से दीवार फांदते दिखे

झांसी : झांसी में जमींदार के आलीशान बंगले में डेढ़ करोड़ की चोरी हो गई। कच्छाधारी गैंग के बदमाशों ने बाउंड्री फांदकर घर में एंट्री की।

भौंक रहे जर्मन शेफर्ड नस्ल के दो डॉग को नशीला पदार्थ खिलाकर बेसुध कर दिया। फिर खिड़की उखाड़कर अलमारी तोड़ी। एक किलो चांदी के गहने, 2 लाख रुपए कैश भी चुराकर ले गए।

ये घटना 9-10 जुलाई की रात को हुई है। खुलासा नहीं होने पर अब पीड़ित जमींदार ने 5 बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज जारी कर दी।

साथ ही डीआईजी और एडीजी को शिकायत देकर बदमाशों को पकड़ने की गुहार लगाई है। घटना नवाबाद थाना क्षेत्र के कोंछाभांवर में मेडिकल बाईपास तिराहा के पास हुई है।

पढ़िए…

सीसीटीवी कैमरे में कच्छाधारी गैंग के तीन बदमाश रिकॉर्ड हो गए।

सीसीटीवी कैमरे में कच्छाधारी गैंग के तीन बदमाश रिकॉर्ड हो गए।

घर में सोए रहे जमींदार और डॉक्टर बेटी

कोंछाभांवर के मेडिकल बाइपास तिराहा निवासी महेंद्र सिंह यादव पुत्र रामस्वरूप यादव बड़े किसान और प्रोपर्टी डीलर है। उन्होंने बताया-सारे गहने और कैश मां रामप्यारी के रूम में अलमारी में रखते थे। मां के भाई छत से गिरकर घायल हो गए थे, इसलिए मां अपने मायके दतिया गई थी।

9 जुलाई की रात को खाना खाकर मैं, मेरी पत्नी जयंती और बड़ी बेटी डॉ. नेहा सो गए। मां के कमरे में कोई नहीं था। देर रात 5 बदमाश आए।

जो कच्छा- बनियान पहने थे और अपने मुंह ढके हुए थे। पहले घर के पीछे प्लाट के दरवाजे का लॉक तोड़ा। फिर करीब 1:45 बजे 3 बदमाश बाउंड्री फांदकर घर में घुस आए।

ढाई घंटे घर में रहे बदमाश

महेंद्र ने आगे बताया- बदमाशों ने मां के कमरे की खिड़की उखाड़ दी। इसके बाद वे कमरे में घुस गए। यहां रखी अलमारियों को तोड़ा और दोनों बेटियों, पत्नी, मां और मे गहने और 2 लाख कैश चुराकर ले गए। करीब डेढ़ किलो सोने और एक किलो चांदी के जेवरात चोरी करके बदमाश सुबह करीब 4:10 बजे उसी रास्ते से भाग गए।

परिवार के लोग सोते रहे, उनको भनक तक नहीं लगी। जब सुबह करीब 4:30 बजे चौकीदार जगा तो पीछे प्लाट जाने वाले दरवाजे का कुंडा टूटा था और खिड़की भी उखड़ी हुई थी। घर के दरवाजे बदमाशों ने बाहर से बंद कर दिए थे।

यही दीवार से फांदकर चोर घर के अंदर घुसे।

यही दीवार से फांदकर चोर घर के अंदर घुसे।

सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुए

महेंद्र ने आगे बताया कि घर में दो जर्मन सेफर्ड डॉग भी पाल रखे है। करीब डेढ़ बजे कुत्ते भौंके तो नींद खुल गई। उनको शांत कराया और फिर सो गया। बदमाशों ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर कुत्तों को खिला दिया था। इससे उनकी चेतना चली गई। घटना के बाद उनकी हालत ठीक नहीं थी। तब डॉग को डॉक्टरों को भी दिखाया। काफी देर बाद डॉग की हालत में सुधार हुआ है।

बदमाश मैन रास्ते से न आकर पीछे खेतों के रास्ते से आए थे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में वे नजर आ रहे हैं। महेंद्र की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी डॉ. नेहा मऊरानीपुर सीएचसी में तैनात है और उसकी शादी निवाड़ी में हुई है। जबकि छोटी बेटी डॉ. मोनिका अविवाहित है। वो कानपुर से पीजी कर रही है।

एसएसपी से लेकर एडीजी तक शिकायत की

महेंद्र ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर आए थे और जल्द खुलासा करने का भरोसा दिया था। लेकिन 18 दिन हो जाने के बाद भी पुलिस इस मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। एसएसपी, डीआईजी से लेकर कानपुर जोन के एडीजी को शिकायत कर चुके हैं। अफसरों ने भरोसा दिया है कि पुलिस टीमें लगी है, जल्द खुलासा हो जाएगा।

नवाबाद थाना प्रभारी संतोष अवस्थी का कहना है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। मध्य प्रदेश में भी पुलिस टीम छानबीन कर रही है। जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। चोरी के अमाउंट को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *