- मां बोलीं- मेरा लाल चला गया…क्या बात करूं
कानपुर : कानपुर में क्लास-6 के स्टूडेंट ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। बच्चा दो माह पहले जन्मदिन पर बनवाई गई चांदी की चेन पहनकर स्कूल गया था, जिसे टीचर ने जब्त कर लिया। टीचर ने कहा- मां को बुलाकर लाओगे तब चेन दूंगी।
घर में पिटाई के डर से छात्र ने घर आकर स्कूल यूनिफॉर्म में ही फंदा लगा लिया। इकलौते बेटे का शव देख मां बेसुध हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के समय टीचर मां अपने स्कूल गई थीं, जबकि पिता काम के सिलसिले में इटावा गए थे।
खाना खाने के लिए दादी कमरे में बुलाने पहुंची तो बच्चा गेट के कुंडे से फंदा लगा कर लटका हुआ था। यह देख दादी चीख पड़ीं। परिजनों और पड़ोसियों को जानकारी दी।
परिजन बच्चे को निजी अस्पताल के बाद हैलट ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामला मंगलवार शाम गोविंदनगर थाना क्षेत्र के दादानगर कॉलोनी का है। मां प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं। पिता भी प्राइवेट नौकरी करते हैं।

कानपुर में इकलौते बेटे स्वास्तिक की मौत के बाद मां पूजा के आंसू सूख चुके हैं। वह रह-रहकर बेसुध हो जा रही हैं।
इकलौता बेटा था स्वास्तिक
दादा नगर कॉलोनी निवासी ऋषि शर्मा नमकीन बनाने वाली एक कंपनी में ट्रेडिंग का काम करते हैं। पत्नी पूजा शर्मा गोविंद नगर स्थित एक प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं। उनका बेटा स्वास्तिक (11) घर के पास सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गोविंदनगर में छठवीं का छात्र था। ऋषि के तीन भाई कृष्णा, सागर, सुकांत और उनकी मां घर के सामने ही दूसरे मकान में रहते हैं।

कानपुर में मां और टीचर के डर से सुसाइड करने वाले स्वास्तिक गोविंदनगर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में छठवीं का छात्र था।
पिता बोले- बेटे के जन्मदिन पर खरीदी थी चेन
पिता ऋषि ने बताया कि स्वास्तिक कई दिनों से चेन पहनने की जिद कर रहा था। 27 मई को उसके जन्मदिन पर ही हमने चांदी की चेन बनवा कर दी थी, लेकिन हम लोग उसे स्कूल में चेन पहन जाने को लेकर मना कर रहे थे। हमने कहा था- बेटा स्कूल चेन पहनकर मत जाना खो जाएगी। घर में पहना करो।
मंगलवार को स्वास्तिक चांदी की चेन पहनकर स्कूल गया था, जिसे टीचर ने जब्त कर लिया था। उन्होंने उसे डांट लगाई थी कि मां को लेकर आना तब चेन मिलेगी। इसके बाद वह मां की डांट के डर से परेशान था। स्कूल में साथ पढ़ने वाले उसके दोस्त राजवीर ने बताया- स्वास्तिक बहुत डरा हुआ था।
छुट्टी के बाद स्वास्तिक उसके घर आया था। कह रहा था कि टीचर ने चेन जमा कर ली है। कहा- मां को लेकर आओगे तभी चेन मिलेगी। डर लग रहा है मम्मी मारेंगी तो नहीं। इस पर मैंने उसे समझाया कि कुछ नहीं होगा। फिर वह घर चला गया। फिर उसका शव फंदे से लटकता मिला। मुझे क्या पता था कि यही चेन उसकी जान ले लेगी।
खाना खाने को बोला, लेकिन कमरे से बाहर ही नहीं आया
दादी ने बताया कि स्वास्तिक स्कूल से लौटकर आया और अपने कमरे में चला गया। मैंने उससे कहा बेटा खाना खा ले, लेकिन वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला। मैंने कमरे का दरवाजा खोला तो शव गेट के कुंडे से लटक रहा था। उसने अपने स्कूल यूनिफॉर्म में ही फंदा लगा लिया था।
इसके बाद परिवार के अन्य लोगों को बुलाया और स्वास्तिक को नीचे उतारकर प्राइवेट अस्पताल में ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पिता और मां भी घर पहुंचे। इकलौते बेटे की मौत के बाद सभी परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मां बोली-क्या बात करूं मेरा लाल चला गया
बुधवार सुबह दैनिक भास्कर रिपोर्टर बच्चे के घर पहुंचा। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा चुका था। बच्चे के घर में उसकी मां और दादा-दादी मौजूद थे। मां इस हालत में नहीं थी कि उनसे कुछ भी बात की जा सके। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि भइया मेरा लाल चला गया। अब मैं किससे और क्या बात करूं।
इसके बाद रिपोर्टर घर के पास ही स्थित बच्चे के स्कूल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पहुंचा। वहां पर बच्चे की मौत के बाद स्कूल में प्रार्थना के बाद छुट्टी कर दी गई। स्कूल में 4 से 5 टीचर बैठे थे। वह काफी दुखी लग रहे थे। उन्होंने इस मामले में बात करने से मना कर दिया।

11 साल का बच्चा स्वास्तिक कानपुर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गोविंद नगर में छठवीं क्लास में पढ़ता था।
पिता ने स्कूल वालों के खिलाफ दी तहरीर
बच्चे के पिता ने बताया कि कल मेरा बेटा स्कूल गया था। उसका स्कूल में किसी बच्चे से नार्मल झगड़ा हो गया था। जिसके बाद एक टीचर ने बच्चे से चेन छीन ली थी। बच्चे के मन में अहम बैठ गया कि स्कूल में झगड़ा हो गया था। जिसके बाद मैडम ने चेन छीन ली है।
आज स्कूल के लोग हमारे घर आए थे। लेकिन मेरी उनसे कोई बात नहीं हुई है। मेरी बुआ जी से बात करके वह लोग चले गए थे। उन्होंने कहा कि मैने स्कूल वालों के खिलाफ तहरीर दी है। पूरी गलती स्कूल के टीचरों की है उनको ज्यादा सख्ती नहीं करनी चाहिए थी।
गोविंद नगर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

