लखनऊ : लखनऊ में 8 साल के बच्चे की बिजली के ट्रांसफॉर्मर में चिपकने से मौत हो गई। वह क्रिकेट की बॉल उठाने गया था। ट्रांसफॉर्मर का गेट खुला होने की वजह से बिजली की चपेट में आ गया। यह देखकर वहां खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया। शोर सुनकर स्थानीय लोग जुट गए। लोगों ने कड़ी मशक्कत करके उसे ट्रांसफॉर्मर से अलग किया।
उसका चाचा उसे गोद में उठाकर हॉस्पिटल के लिए भागे। पार्क के पास खड़े ऑटो से उसे हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना रविवार को फूल बाग स्थित शंकरपुरी कॉलोनी में हुई। बच्चे की पहचान मो. फहद के रूप में हुई।
लोगों का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर पार्क में जमीन पर रखा है। उसका गेट काफी दिनों से खुला है। बिजली विभाग से गेट सही कराने की कई बार मांग की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अफसरों की लापरवाही से बच्चे की जान चली गई। विधायक रविदास मल्होत्रा पीड़ित परिवार से मिले।
तस्वीरें…

स्थानीय लोगों ने किसी तरह से बच्चे को ट्रांसफॉर्मर से निकाला।

चाचा बच्चे को गोद में उठाकर हॉस्पिटल के लिए भागे।

लोगों ने कहा कि ट्रांसफॉर्मर का गेट सही होता तो हादसा नहीं होता।
बच्चे को लगा तेज झटका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलोनी के बच्चे रोज की तरह पार्क में खेल रहे थे। क्रिकेट का बॉल ट्रांसफॉर्मर के पास चला गया। गेट खुला होने के कारण बच्चा ट्रांसफॉर्मर के पास तक पहुंच गया। अचानक तेज झटके के साथ वह उसमें चिपक गया। घटना के बाद पार्क में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर बच्चे को ट्रांसफॉर्मर से अलग किया और तुरंत पास के हॉस्पिटल ले गए। स्थानीय निवासियों में बिजली विभाग के प्रति भारी रोष है। अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वीडियो कॉल से दिखाया बेटे का चेहरा
फहद के पिता सऊदी अरब में हैं। परिजनों ने फोन करके उन्हें घटना की जानकारी दी। वीडियो कॉल से उन्हें बेटे का चेहरा दिखाया। इस दौरान फहद के पिता और परिजन रोते-बिलखते रहे। परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया है। स्थानीय पुलिस पोस्टमॉर्टम कराने के लिए दबाव बना रही है। तीन भाइयों में फहद सबसे बड़ा था। उससे छोटे दो भाई फरहान और अजान हैं।

फहद के पिता सऊदी अरब में रहते हैं। बेटे के जनाजे में न पाने को लेकर वो बहुत परेशान हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाला है।
अधिशासी अभियंता हुसैनगंज अनिल कुमार भारती ने बताया कि हुसैनगंज खंड के 33/11 केवी विधानसभा उपकेंद्र के नजरबाग फीडर पर शंकरपुरी कॉलोनी में 400 केवीए ट्रांसफॉर्मर लगा है। उसके चारों ओर बैरिकेडिंग है। आज उसमें एक गेंद चली गयी। 8 साल का बच्चा बैरिकेडिंग का गेट खोलकर गेंद उठाने अंदर चला गया। उसको फ्यूज यूनिट से करंट लग गया। उसकी अस्पताल में मौत हो गई।

