मथुरा : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को 9वीं बार बजट पेश किया। संसद में वह 85 मिनट तक बोलीं। इस बजट को लेकर मथुरा के व्यापारियों ने मिलीजुली प्रतिक्रिया दी। व्यापारियों ने कहा यह अनुपादित बजट है। जो उम्मीद थी उसके अनुसार नहीं है।
व्यापारी नेता शशि भानु गर्ग ने बताया कि इस बजट को देखें तो यह ओवर ऑल अनुपादित बजट है। बहुत सारी उम्मीदों के जो पिटारे खोल रखे थे, वह पूरे नहीं हुए। लेकिन ऐसा भी नहीं है कि घावों को कुरेदने जैसी स्थिति रही हो।
टैक्स स्लैब में और अधिक छूट मिलने की उम्मीद थी, वह पूरी नहीं हुई। उन्होंने कहा वित्त मंत्री का टैक्स स्लैब पर न बोलना हैरान करने वाला है। युवाओं को धार्मिक क्षेत्र में प्रशिक्षित कर गाइड बनाने की योजना अच्छा कदम है।

व्यापारी नेता शशि भानु गर्ग
व्यापारी विरोधी बजट है यह
श्री कृष्ण जन्मस्थान व्यवसाई समिति के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने बताया कि यह व्यापारी विरोधी बजट है। व्यापारी, उद्यमियों को कहीं कोई राहत नहीं दी गई है। उन्होंने बताया GST की जटिलता से व्यापारी परेशान है। पूरे प्रदेश में संगोष्ठी कराई गई थी। व्यापारियों से सुझाव लिए थे। व्यापारी केवल मुनीम बनकर रह गया है। GST की जटिलताओं में उलझा हुआ है।

मुकेश अग्रवाल
रेल कॉरिडोर से जोड़ा जाए मथुरा
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बताया कि रेलवे की दृष्टि से उत्तर प्रदेश को 2 रेल कॉरिडोर मिले हैं यह अच्छा कदम है। इस रेल कॉरिडोर में अगर मथुरा सम्माहित होता तो उसका स्वागत करते। सुनील अग्रवाल ने बुजुर्गों के लिए सेंटर खोलने के कदम की सराहना की। सुनील अग्रवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश के नजरिए से देखें तो इस बजट में ऐसा कुछ प्रावधान नहीं है।

सुनील अग्रवाल
भाजपा ने अच्छा काम किया
सर्राफा व्यापारी प्रह्लाद अग्रवाल ने कहा सपा जो कह रही है लॉलिपॉप दिया है ऐसा नहीं है। भाजपा ने अभी तक जो काम किए हैं वह अच्छे किए हैं। पर्यटन स्थलों पर काम हुआ है। पर्यटकों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। इस बजट से पर्यटकों को बढ़ावा मिलेगा।

प्रह्लाद अग्रवाल
भाजपा ने मनाया जश्न, जनप्रतिनिधियों ने बताया जनहितैषी
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने विकासोन्मुख, जनकल्याणकारी और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम बताया है। मथुरा में भाजपा जिला कार्यालय पर बजट का लाइव प्रसारण देखा गया, जहां उत्साहपूर्ण वातावरण में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बजट का स्वागत किया।
पुष्पांजलि स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री विधान परिषद सदस्य मथुरा प्रभारी अशोक कटारिया,पूर्व ऊर्जा मंत्री विधायक श्रीकांत शर्मा,भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, विधायक राजेश चौधरी विधायक, ठा.मेघ सिंह,महापौर विनोद अग्रवाल,जिला महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे,जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।

भाजपा कार्यालय पर मौजूद नेता और पदाधिकारी
विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि बजट में बुनियादी ढांचे और ऊर्जा क्षेत्र पर विशेष फोकस किया गया है। कैपेक्स में रिकॉर्ड बढ़ोतरी से न केवल विकास कार्यों को गति मिलेगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग को टैक्स में दी गई राहत से उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

