दैनिक उजाला, मथुरा : जयंत चौधरी को एक बार फिर से राष्ट्रीय लोकदल का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया। वह 3 साल तक इस पद पर रहेंगे। जयंत के पार्टी चीफ बनते ही कार्यकर्ता किसान नेता जिंदाबाद के नारे लगाने लगे।
रविवार को मथुरा में रालोद का राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ। यह कोसीकलां की अनाज मंडी में सुबह 11 बजे शुरू हुआ। जयंत चौधरी दोपहर करीब 2.45 बजे अधिवेशन में पहुंचे। इसके बाद पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की प्रक्रिया शुरू हुई।अधिवेशन में 14 प्रदेशों के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी बुलाए गए थे।
रालोद यूपी की चौथी सबसे बड़ी पार्टी है। उसके 2 सांसद लोकसभा में और 1 राज्यसभा हैं। यूपी विधानसभा में 9 विधायक और एक मंत्री है। साथ ही विधान परिषद में 1 एमएलसी औप 2 आयोग के सदस्य हैं।

जयंत चौधरी 2.45 बजे रालोद के अधिवेशन में पहुंचे। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया।

जयंत अब तीन साल के लिए पार्टी की कमान संभालेंगे।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद जयंत चौधरी ने कहा- मथुरा के लोगों ने जिस तरह से मेरा साथ दिया, उसे मैं कभी नहीं भूलूंगा। मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष बना, इसमें भी मथुरा के लोगों का आशिर्वाद है। आज हम एनडीए के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं। बिहार के नतीजों ने बताया कि एनडीए सरकार में हर कोई सुरक्षित महसूस कर रहा है। महिला वर्ग को पहचान दी। उनके लिए कानून बना दिया। राजनीति में उनके लिए सीटें आरक्षित कीं।
जयंत ने कहा- आप लोग अपने आप को तैयार कर लो। मेरी 2 बेटियां हैं। कोई ये न माने कि रालोद मेरे परिवार के लिए बना है। यह फर्क रालोद और दूसरे दल में होना चाहिए। इसलिए मैं कहता हूं कि 3 साल बाद कोई अच्छा नेता तैयार करो, जो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर बैठे।
मैं तैयार हूं। आप लोग जो भी भूमिका दोगे, उसके लिए मैं तैयार हूं। मैं सामाजिक कार्यकर्ता की तरह काम करने के लिए तैयार हूं। मैं सरकार में इसीलिए बैठा हूं, जिससे आप लोगों के काम आ सकूं। मैं एक कार्यकर्ता के रूप में काम करने के लिए तैयार हूं।
जयंत ने कहा- आज आप किसानों की सरकार है। आप लोगों के लिए सीएम ने गन्ने का मूल्य बढ़ाया। छाता की चीनी मिल शुरू कराने के लिए मैं समर्पित हूं। मैं इसके लिए सीएम से बात करूंगा। साल- 2027 हम लोगों के लिए खास है। क्योंकि, यह चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती का साल है।
पहली बार 2021 में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे
चौधरी जयंत सिंह पहली बार मई, 2021 में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए थे। उनके पिता चौधरी अजित सिंह के निधन के बाद जयंत को इस पद के लिए चुना गया था। चौधरी अजित सिंह का कोरोना संक्रमण के चलते 6 मई, 2021 को निधन हो गया था। उस समय चौधरी जयंत पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थे।

