मेरठ : मेरठ में सीएम योगी के कार्यक्रम में जा रहे पूर्व विधायक संगीत सोम की पुलिस ने कार रोक दी। इससे वे नाराज हो गए। बोले- मेरी कार नहीं लौटेगी। 20 मिनट तक SP ट्रैफिक और ADM सिटी के साथ हॉट-टॉक हुई।
SP यातायात ने संगीत सोम से रिक्वेस्ट की कि आप सरकारी गाड़ी से आगे चले जाएं, प्राइवेट गाड़ी नहीं जाएगी। बैरिकेडिंग नहीं हटेगी।
फिर संगीत सोम वहां से लौट गए और 3 किमी घूमकर योगी के कार्यक्रम में पहुंचे। पूरे समय योगी के साथ मंच पर मौजूद रहे। CM योगी ने दुल्हैड़ा चौकी के पास कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की।
तस्वीरें

SP ट्रैफिक, ADM सिटी और SP यातायात समेत अन्य अफसरों से संगीत सोम की बहस हुई।

योगी के बगल व्हाइट शर्ट और सदरी में भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम हैं। पुलिस के रोके जाने के बाद 3 किमी घूमकर अपनी प्राइवेट कार से कार्यक्रम में पहुंचे।

मोदीपुरम में दुल्हैड़ा चौकी के पास मंच से योगी ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की।
निजी गाड़ी से जाने पर अड़े थे संगीत सोम
मोदीपुरम में दुल्हैड़ा चौकी के पास आज योगी का कार्यक्रम था, हाईवे पर कांवड़ियों की भारी भीड़ थी। इसके चलते पुलिस प्रशासन ने रास्ते को वनवे कर दिया था। भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम अपनी निजी गाड़ी से कार्यक्रम स्थल तक जा रहे थे। इस पर SP ट्रैफिक राघवेंद्र और ADM सिटी ब्रजेश कुमार ने उनकी कार को रोक दिया।
संगीत सोम ने कहा- वो जाएंगे तो अपनी ही प्राइवेट गाड़ी से जाएंगे, अन्यथा यहीं बीच रास्ते में खड़े रहेंगे। कार से उतरकर यहीं बैठ जाएंगे। अफसरों ने कहा कि आपके लिए सरकारी गाड़ी से अंदर जाने की व्यवस्था की गई है। आप उसमें जाएं, लेकिन संगीत सोम नहीं माने। कहा किसी सरकारी गाड़ी में नहीं जाऊंगा। अफसरों ने कहा- ठीक है, लेकिन हम बैरिकेडिंग नहीं हटाएंगे। इस दौरान संगीत सोम के समर्थकों ने बैरिकेड्स हटाने की कई बार कोशिश की। लेकिन, पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
शुरुआती बहस के बीच संगीत सोम ने पत्रकारों से बातचीत में मुस्कुराते हुए कहा-

गाड़ी पीछे नहीं हटेगी, ये आयोजन हमारा है। हमारे सीएम आ रहे हैं। इसलिए व्यवस्था बनाना हमारा कर्तव्य है। गाड़ी आगे जाएगी, आप निश्चिंत रहें।
फिर 3 किमी घूमकर सीएम के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे
संगीत सोम को SP यातायात ने जब प्राइवेट कार से नहीं जाने दिया तो वे मोदीपुरम फेज 2 के रास्ते से 3 किमी घूमकर शोभित यूनिवर्सिटी में बनी पार्किंग में पहुंचे। यहीं पर सीएम योगी के हेलिकॉप्टर के लिए हेलिपेड बना था। यहां पहले से जनप्रतिनिधि मौजूद थे। बाद में सोम भी पहुंचे। सीएम के आने के बाद सभी जनप्रतिनिधि और संगीत सोम यहां से आयोजन स्थल पर पहुंचे। सीएम के साथ मंच पर मौजूद रहे।
राज्यसभा सांसद की भी गाड़ी रोकी, लक्ष्मीकांत वाजपेयी भड़के

राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी।
मेरठ में CM योगी के कार्यक्रम में जा रहे राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी की कार को रास्ते में ही पुलिस वालों ने रोक दिया गया। कांवड़ रूट पर ड्यूटी में तैनात पुलिस, प्रशासनिक अफसर लक्ष्मीकांत वाजपेयी को पहचान नहीं सके। इससे गुस्साए लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा- यहीं बीच में गाड़ी खड़ी कर दूंगा। अभी पता लग जाएगा। इसके बाद जब ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को जानकारी हुई तो उनकी कार को आगे भेजा।

