उत्तर प्रदेश : यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते गलन और बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 27-28 और 29 जनवरी को फिर से बारिश हो सकती है, जिससे तापमान 2 से 3 डिग्री तक और गिर सकता है।
प्रदेश में आजमगढ़ सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रही। सबसे कम दृश्यता 50 मीटर कुशीनगर में रिकॉर्ड की गई।
लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब उत्तर प्रदेश में भी साफ दिख रहा है। इसी वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है।
उन्होंने कहा- हवा की दिशा में बदलाव आया है। पहले जहां पूर्वी हवाएं चल रही थीं, अब उनकी जगह पछुआ हवाएं ले रही हैं। इससे वातावरण में नमी बढ़ी है और कहीं-कहीं बारिश की स्थिति बन रही है।

सहारनपुर में सोमवार सुबह कोहरा छाया रहा।

कानपुर में सुबह 7 बजे धूप निकल आई। हालांकि, गलन बरकरार है।

लखनऊ में आज मौसम साफ है। हल्की ठंडी हवा चल रही है।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है-

बेमौसम बारिश गेहूं, मसूर और चना की फसल के लिए फायदेमंद है, लेकिन सरसों और आलू को नुकसान हो रहा है। किसानों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर फसलों में दवा का छिड़काव करें।

गोरखपुर में सुबह 5.30 बजे हल्का कोहरा रहा। हालांकि, थोड़ी देर में हल्की धूप निकल आई।
- कानपुर : शहर में सुबह के समय मौसम साफ हैं, लेकिन सर्द हवा गलन को बरकरार रखे हैं। सुबह घर से निकालने वालों को कंपकपी का एहसास हुआ। हालांकि, 7 बजे के करीब हल्की धूप निकली। न्यूनतम पारा 24 घंटे में 3 डिग्री सेल्सियस गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
- लखनऊ : सुबह हल्की धुंध छाई रही। इसके बाद मौसम साफ हो गया। ठंडी हवा के चलते गलन बनी है। आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के करीब रहने की संभावना है।
- गोरखपुर : मौसम में आज समान्य है। कोहरा न पड़ने से लोगों को राहत मिली। रोजाना धूप निकलने से ठंड भी कम पड़ रही है। तापमान में अब बढ़ोतरी देखी जा रही। आज शहर में अधिकतम तापमान 22-24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10-11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
- सहारनपुर : कई दिनों की धूप और एक दिन की बारिश के बाद आज कोहरा छाया है। शीतलहर चल रही है, जिससे गलन बरकरार है। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
अगले 3 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम
- 27 जनवरी: हल्की बारिश हो सकती है। बादल छाए रहेंगे। तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
- 28 जनवरी: पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होगी। पूर्वी यूपी में हल्की बारिश की संभावना है।
- 29 जनवरी: गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।

