लखनऊ/वाराणसी/प्रयागराज/कानपुर : यूपी में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। मंगलवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी समेत 20 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। लखनऊ में 48 घंटों से बारिश का सिलसिला जारी है। पूरे प्रदेश में बादल छाए हैं। इसके अलावा, आज सभी 75 जिलों में अलर्ट है। 66 में भारी बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटे में प्रयागराज में इतनी बारिश हुई कि सड़कें तालाब बन गईं। बारिश का पानी घरों में घुस गया। अंडरपास में 2 फीट तक जलभराव होने से ट्रैफिक रोकना पड़ा। कौशांबी में घर में पानी भरने से सोफे-कुर्सियां तैरती दिखीं। पीलीभीत और बहराइच में खराब मौसम की वजह से सभी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई।
इधर, यूपी में कई नदियां उफान पर हैं। लखीमपुर में शारदा नदी का पानी गांवों में घुस गया है। पानी के साथ मगरमच्छ भी गांव तक पहुंच गए हैं। खेतों और सड़कों पर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। वाराणसी-प्रयागराज में घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। काशी में 50 छोटे मंदिरों में पानी भर गया है।
इससे पहले, सोमवार को गोरखपुर, अयोध्या समेत 50 जिलों में बारिश हुई। फिरोजाबाद और उन्नाव के सरकारी अस्पताल में घुटनों तक पानी भर गया। शामली में नहर टूट गई। 10 फीट सड़क धंस गई। प्रदेश में पिछले 3 दिनों में बारिश और बिजली गिरने की वजह से 10 लोगों की मौत हो गई।

लखीमपुर में शारदा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। पानी गांवों तक पहुंच गया है। मगरमच्छ भी गांवों में घुस आए हैं।

प्रयागराज में सोमवार को तेज बारिश हुई। सड़कों पर पानी भर गया। लंबा जाम लगा।

प्रयागराज में अंडरपास में 2 फीट तक पानी भर गया।

उन्नाव में बारिश से बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में पानी भर गया।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया-

बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया के कमजोर पड़ने के साथ ही मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। मानसूनी रेखा श्रीगंगानगर, रोहतक, हरदोई, वाराणसी, रांची होते हुए उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। ऐसे में यूपी में 24 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके बाद 3-4 दिन कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।
कानपुर देहात में सूखी नहर में मिला 7 फीट लंबा मगरमच्छ


कानपुर देहात के अमराहट गांव में लगातार बारिश के बीच एक 7 फीट लंबा मगरमच्छ मिला। गांव की सूखी नहर में ग्रामीणों ने मगरमच्छ को देखा। तुरंत सूचना स्थानीय अमराहट थाना पुलिस को दी।
थाना प्रभारी महेश कुमार ने वन विभाग को सूचित किया। वन दारोगा इंद्रेश कुमार के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। मगरमच्छ को रस्सियों की मदद से सुरक्षित निकाला। पास ही बह रही यमुना नदी में सुरक्षित छोड़ दिया।
लखीमपुर-खीरी में शारदा नदी उफनाई, गांवों तक पहुंचे मगरमच्छ
लखीमपुर खीरी के भीरा वन रेंज स्थित ग्राम पंचायत दौलतापुर में बारिश के पानी और शारदा नदी के उफान के कारण मगरमच्छों का भारी आतंक है। जलभराव वाले खेतों और गांव की मुख्य पक्की सड़कों पर मगरमच्छ नजर आ रहे हैं। पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पीलीभीत में स्कूलों-सरकारी कार्यालयों में पानी भरा, स्कूल बंद किए गए
पीलीभीत में लगातार हो रही बारिश की वजह से जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय समेत कई सरकारी कार्यालयों में पानी भर गया। हालात को देखते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने एहतियात के तौर पर जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई अगले आदेश तक बंद रखने के निर्देश जारी किया है।
प्रयागराज में रिमझिम बारिश जारी, पारा 7 डिग्री तक लुढ़का
प्रयागराज में सुबह से रिमझिम बारिश हो रही है। सोमवार को दिन भर बारिश हुई। पिछले 3 दिन से हो रही बारिश के बाद तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आज तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है।

