सहारनपुर : सहारनपुर में DIOS का स्टेनो अजय कुमार शुक्रवार को घूस लेते पकड़ा गया। एंटी करप्शन टीम ने ऑफिस से उसे रंगे-हाथों पकड़ा। इस पर वह माथा पकड़ कर, फूट-फूटकर रोने लगा।
आरोप है कि अजय कुमार ने यू-डायस पोर्टल पर छात्रों का एडमिशन अपडेट करने के नाम पर 5 हजार रुपए मांगे थे।
स्कूल प्रबंधक ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी। टीम ने प्लानिंग के तहत आरोपी अजय कुमार को 5 हजार रुपए घूस लेते पकड़ लिया। उसके पास से पूरी रकम बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर बाजार में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।

एंटी करप्शन टीम BSA ऑफिस से पकड़कर अजय कुमार को थाना सदर ले गई।
बच्चों का नाम दूसरे स्कूल में दर्ज किया
थाना नकुड़ क्षेत्र के गांव तिरपड़ा निवासी ईश्वर चंद प्राइवेट स्कूल चलाते हैं। वे स्कूल के प्रबंधक हैं। उन्होंने एंटी करप्शन कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया, उनके स्कूल के 1200 बच्चों का जबरन अन्य स्कूलों में ट्रांसफर कर दिया गया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विश्वास कुमार उनका कर्मचारी था। उसने विभाग के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर यू-डायस पोर्टल पर बच्चों को दूसरे स्कूलों में ट्रांसफर कर दिया।

अस्पताल में मेडिकल के दौरान फूट-फूटकर रोया स्टेनो अजय कुमार।
फर्जी स्कूल में कराया बच्चों का नामांकन
प्रबंधक ईश्वर चंद ने बताया, बड़ी संख्या में उनके स्कूल के 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को एक फर्जी स्कूल में ट्रांसफर कर दिया गया है। उस स्कूल का नाम वेदांता बताया गया है, जिसकी मान्यता भी नहीं है। बच्चों को उस स्कूल में बैठाकर पढ़ाया भी जाने लगा था। जब उन्होंने शिक्षा विभाग से संपर्क किया तो स्टेनो अजय कुमार ने बच्चों को वापस लाने के एवज में 10 हजार रुपए की मांग की। बाद में 5 हजार रुपए पर बात तय हुई और शेष रकम बाद में देने को कहा गया।

एंटी करप्शन टीम पकड़ कर ले जाने लगी तो स्टेनो अजय कुमार माथा पकड़ कर रोने लगा।
केमिकल लगे नोटों से पकड़ा गया अजय
एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई की रणनीति बनाई और ईश्वर चंद को केमिकल लगे 5 हजार रुपए देकर शुक्रवार को बेसिक शिक्षा विभाग ऑफिस भेजा। जैसे ही ईश्वर चंद ने अजय कुमार को रुपए थमाए, टीम ने तुरंत दबिश देकर आरोपी को रंगे-हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने मौके पर ही अजय के हाथ पानी में डुबोए, जिससे उसका रंग बदल गया और यह पुष्टि हुई कि उसने ही रुपए लिए हैं।
एंटी करप्शन ने कराई FIR
एंटी करप्शन टीम आरोपी स्टेनो अजय कुमार को थाना सदर बाजार ले गई, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। टीम अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, जिसमें विभाग के अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

