शामली : शामली मे पत्नी ने प्रेमी और अपने भाई के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। 9 साल पहले दोनों की लव मैरिज हुई थी। 6 महीने से महिला का एक ऑटो ड्राइवर से अफेयर चल रहा था।
पति के एतराज जताने पर महिला ने प्रेमी और अपने भाई के साथ मिलकर पति की गला रेतकर हत्या कर दी। शव को कांधला रोड के किनारे आम के बाग में फेंक दिया।
पुलिस ने रविवार सुबह शव मिलने के बाद जांच पड़ताल शुरू की। मृतक के मोबाइल डिटेल और सीसीटीवी की सहायता से 12 घंटे के अंदर प्रेम-प्रसंग का खुलासा कर दिया। पत्नी को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की तो पत्नी ने हत्या की बात कबूल कर ली। घटना रविवार सुबह कैराना कोतवाली क्षेत्र की है।

पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
कांधला निवासी असलम (26) ने 9 साल पहले बागपत जिले की आसमीन (24) से लव मैरिज की थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। इस शादी से आसमीन का भाई हारुन (30) नाखुश था। वह पहले भी कई बार असलम को धमकी दे चुका था। 6 महीने से आसमीन का ईदगाह मोहल्ले के रहने वाले इंतजार (25) से अफेयर चल रहा था। इंतजार ऑटो चलाता है। दोनों में अक्सर मिलते रहते थे। इस बात का पता आसमीन के पति असलम को लग गया।
असलम ने दोनों को कई बार समझाया और रोका, लेकिन आसमीन और इंतजार का मिलना जारी रहा। आसमीन ने अपने इस रिश्ते के बारे में हारुन को बताया। इसके बाद तीनों ने मिलकर असलम को मारने का प्लान बनाया।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच में जुट गई।
पत्नी ने प्रेमी और भाई के साथ मिलकर पति को मार डाला
शनिवार शाम हारुन ने असलम को घूमने के बहाने से कैराना बुलाया। असलम अपनी पत्नी आसमीन के साथ हारुन के पास गया। हारुन और आसमीन ने असलम के कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा मिला दी। जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गया। इसके बाद इंतजार अपना ऑटो लेकर आया। तीनों ने असलम को पकड़कर ऑटो में बैठाया और गला रेतकर हत्या कर दी। शव को कांधला रोड किनारे हाशिम के बाग में फेंककर फरार हो गए।
रविवार सुबह 9:15 बजे पुलिस को बाग में लावारिस शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। मृतक की जेब से एक आधार कार्ड मिला। जिससे उसकी पहचान असलम निवासी कांधला के रूप में हुई। पुलिस ने असलम के पिता को मौके पर बुलवाकर शव की शिनाख्त करवाई।

पुलिस ने शव की तलाशी ली तो उसके जेब से आधार कार्ड मिला। जिससे उसकी पहचान हुई थी।
एसपी ने हत्या के खुलासे के लिए टीम गठित की। पुलिस ने कांधला से लेकर कैराना तक सीसीटीवी कैमरे खंगाले। सीसीटीवी में पुलिस को एक ऑटो में असलम की पत्नी आसमीन, भाई हारुन और प्रेमी इंतजार, असलम को ले जाते हुए दिखे।
प्रेमी और पत्नी के मोबाइल से मिली अफेयर की जानकारी
पुलिस को यहीं से कड़ी मिल गई। पुलिस ने इंतजार को हिरासत में लिया। उसके और आसमीन के मोबाइल की डिटेल खंगाली। मोबाइल में दोनों की वॉट्सऐप चैटिंग भी मिली। जिससे मामला क्लियर हो गया। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपियों ने हत्या की बात कबूल की। शाम तक पुलिस ने घटना से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा कर दिया।

ये तस्वीर शनिवार की है। जब पुलिस को बाग में शव पड़े होने की सूचना मिली थी।
एसपी शामली राम सेवक गौतम ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल छुरा और टेंपो पुलिस ने बरामद कर लिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू हुई। मात्र 12 घंटे के भीतर पुलिस ने आसमीन, इंतजार और हारून को दबोच लिया। तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
3 दिन के भीतर दूसरी बार प्रेम में हत्या
3 दिन के भीतर दूसरी बार प्रेम प्रसंग के चलते पति की हत्या का मामला सामने आया है। 3 दिन पहले भी कैराना के गांव खुरगान में एक पत्नी ने अपने पति शाहनवाज की हत्या करवाई थी। वह भी अपने साले की शादी में जा रहा था, तभी उसकी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।

