उत्तर प्रदेश : यूपी में फिर से आज मौसम पलट गया है। मथुरा, हाथरस, गाजियाबाद और आगरा में तेज बारिश हुई। बागपत में बारिश के साथ ओले गिरे हैं। मथुरा में पहले धूलभरी आंधी चली। 10 से ज्यादा शहरों में 30 किमी की रफ्तार से हवा चल रही है।
मौसम विभाग का कहना है कि बारिश से पारा 3-4 डिग्री लुढ़क सकता है। आज पश्चिम यूपी के अधिकतर जिलों में बादल छाए हुए हैं। तेज हवाओं से गलन बढ़ा दी है। प्रदेश में मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा जिला रहा। तापमान 5.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा- पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश हो रही है। अगले 3 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा।

आगरा में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो रही।

हाथरस में बारिश के साथ ओले भी गिरे। तेज हवाओं ने ठंड और गलन बढ़ा दी है।

मथुरा में धूलभरी आंधी के बाद जमकर बारिश हुई। आंधी की वजह से लोगों ने अपनी दुकानें बंद रखी।
गाजियाबाद में तेज बारिश
गाजियाबाद में सुबह हुई तेज बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। बारिश ने एक बार फिर ठंड बढ़ा दी। हवाओं की वजह से गलन भी बढ़ गया है।
नोएडा में तेज हवाएं चलीं, झमाझम बारिश से पारा लुढ़का
नोएडा में सुबह सवेरे आसमान में काले बादल छा गए। तेज हवाओं के साथ बारिश ने ठंड और बढ़ा दी है।
हाथरस में बूंदाबांदी के बाद ठंड लौटी
हाथरस में भी हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। हवाओं ने गलन बढ़ा दी है।
बागपत में बारिश के साथ ओले गिरे
बागपत में मंगलवार सुबह अचानक मौसम ने करवट बदली। दिन निकलते ही आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ ओले पड़ने से जनजीवन प्रभावित हुआ।
आगरा में आंधी और गरज के साथ तेज बारिश
आगरा में आंधी और गरज के साथ तेज बारिश हो रही है। आसमान में काले बादल छाने के बाद सुबह 10 बजे से बूंदाबांदी शुरू हुई। लगभग 11.15 बजे तेज बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं ने गलन भी बढ़ा दी है।
गोरखपुर में मौसम साफ, लेकिन गलन बरकरार

गोरखपुर में सुबह मौसम साफ रहा। गलन बढ़ी है।
गोरखपुर में मंगलवार सुबह मौसम ठंडा रहा। लोग अलाव का सहारा लेते नज़र आए। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को ठंड और बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को हल्की बारिश की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पाण्डेय के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम लगभग 9 डिग्री रह सकता है।
3 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम
- 28 जनवरी: हल्की बारिश हो सकती है। बादल छाए रहेंगे। तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
- 29 जनवरी: पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होगी। पूर्वी यूपी में हल्की बारिश की संभावना है।
- 30 जनवरी: गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।

