वाराणसी : यूपी में मौसम ने एक बार फिर पलटी मारी है। शुक्रवार सुबह से 20 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश हो रही है। मेरठ में ओले गिरे। मटर के दाने बराबर ओलों से खेतों में फसलें गिर गईं। यहां एक चर्च पर बिजली गिरने से आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि फायर कर्मियों को बुझाने में 45 मिनट लगे।
नोएडा, गाजियाबाद में देर रात से ही तेज हवा के साथ रिमझिम बारिश होती रही। लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। सड़कों पर सन्नाटा रहा। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले रेनकोट और छातों के साथ दिखाई दिए।
मौसम विभाग ने आज 18 जिलों में ओले पड़ने का अलर्ट जारी किया है। कहीं-कहीं आंधी की भी आशंका जताई है। दूसरी तरफ, पूर्वी यूपी में मौसम साफ है। लखनऊ, कानपुर समेत तमाम जिलों में सुबह से ही अच्छी धूप है।
मौसम विभाग ने बताया कि पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। ऐसे में वहां से आने वाली सर्द हवा पूर्वी यूपी में भी ठंड बढ़ाएगी। कुछ दिन से कोहरे और ठंड से मिल रही राहत पर ब्रेक लगेगा। पारा 3-4°C लुढ़क सकता है। कई जिलों में कोहरा भी पड़ सकता है।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो बहराइच सबसे ठंड रहा, यहां रात का पारा 6°C रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद गोरखपुर 6.7°C, बाराबंकी-अयोध्या 7.0°C और आजमगढ़ 7.2°C रहा।
मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया-

प्रदेश में बारिश का दौर शुरू हो गया है। 2 दिन कई जिलों में बारिश हो सकती है। 25 जनवरी से मौसम साफ होने की संभावना है। उत्तरी पाकिस्तान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।

मेरठ के कैंट एरिया में सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च पर शुक्रवार दोपहर बिजली गिरी। इससे यहां स्टोर में आग लग गई।

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में शुक्रवार को पहली बार बर्फबारी हुई। तस्वीर गंगोत्री धाम की है। इसका असर यूपी में भी देखने को मिल रहा है।

नोएडा में देर रात से ही रुक-रुक कर ही बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश से ठंड लौट आई है।

गाजियाबाद में बारिश हो रही है। सर्द हवा के साथ बारिश ने ठंड बढ़ गई है।

मेरठ के ललियाना गांव में तेज हवाओं के साथ बड़े-बड़े ओले गिरे। खेतों में खड़ी फसलें गिर गईं।

आगरा में हल्का कोहरा है। ताजमहल कुछ धुंधला सा नजर आ रहा है।

प्रयागराज में हल्का कोहरा है। कड़ाके की ठंड के बीच श्रद्धालु माघ मेले में स्नान कर रहे हैं।

लखनऊ में सुबह से ही अच्छी धूप निकली है। पिछले कई दिनों से लोगों को ठंड से काफी राहत है।
मेरठ के चर्च में बिजली से लगी आग, कोई हताहत नहीं
मेरठ के एक चर्च में आकाशीय बिजली गिरने के बाद आग लग गई। इससे चर्च में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस पहुंची और दमकल को बुलाया। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
आग चर्च के एक हिस्से में बने कमरे में लगी थी। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ है।

मेरठ में तेज बारिश के साथ ओले गिरे, फसलों को नुकसान
- मेरठ के परीक्षितगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम ललियाना में अचानक हुई भारी ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव आया और तेज हवाओं के साथ बड़े-बड़े ओले गिरने लगे, जिससे खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हुईं।
- ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है। ओलों की मार से पौधों की बालियां झुक गईं और कई जगह तने टूट गए। सरसों की फसल भी ओलावृष्टि की चपेट में आ गई। ओलों की तेज चोट से फलियां झड़ गईं और पौधों को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा, गांव में उगाई जा रही सब्जी फसलों जैसे आलू, मटर, गोभी और पालक की पत्तियां व फल भी ओलों से क्षतिग्रस्त हो गए।
अलीगढ़ में बारिश शुरू, ठंड बढ़ी; 2 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
- अलीगढ़ में सुबह से बादल छाए हुए थे। अब बारिश शुरू हो गई। अचानक की बारिश से मौसम पलट गया है। सुबह ठंड बहुत हल्की थी। बारिश से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को अलीगढ़ का अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 7 डिग्री सेल्सियस रहा।
- मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिला है। आने वाले एक-दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है।
मथुरा में तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश, दिन में छाया अंधेरा
मथुरा में तेज गड़गड़ाहट के साथ रिमझिम बारिश हो रही है। पिछले एक हफ्ते से निकल रही धूप के बीच अचानक मौसम बदल गया। फिर से ठंडक बढ़ गई है। तापमान में गिरावट रिकॉर्ड की गई।

