भोपाल : बीते एक हफ्ते के दौरान प्रदेश में हुई बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि ने किसानों की खेत में खड़ी फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है। विदिशा जिले में भी फसलों पर ओलावृष्टि की मार पड़ी है। मंगलवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए विदिशा पहुंचे। सीएम ने ग्राम पटवारी खेड़ी में पहुंचे और किसानों से बात की।
मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा जिले के ओला पीड़ित किसानों से चर्चा करने पहुंचे। वो गुलाबगंज क्षेत्र के पटवारी खेड़ी, घुरदा, गणेशपुर गांव के किसानों से मिले. इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई बड़ी बाते कहीं।
- ओला पीड़ित किसानों की कर्ज वसूली स्थगित करेंगे
- किसानों के नुकसान की भरपाई मुआवजा और बीमा राशि से करने की कोशिश करेंगे
- जिन किसानों के खेतों में पचास परसेंट से ज्यादा नुकसान हुआ है उन्हें ₹32000 प्रति हेक्टेयर देंगे
किसानों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने पहले ही सर्वे करने के आदेश अधिकारियों को दे दिए हैं। हर खेत में मैं नहीं पहुंच पाउंगा, इसलिए अधिकारियों से ईमानदारी से सर्वे करने को कहा है। किसान चिंता ना करें, हर किसान के खेत का सर्वे होगा। अफसरों से कहा है कि मानवीय दृष्टिकोण और उदारता पूर्वक सर्वे करने के लिए जाएं। नुकसान लिखने में कोताही न बरती जाए।

