दैनिक उजाला, मथुरा: जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के अंतर्गत संचालित एमबीए फाइनेंशियल मार्केट्स एंड बैंकिंग कार्यक्रम के विद्यार्थियों ने हाल ही में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के नई दिल्ली स्थित क्षेत्रीय कार्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय पूंजी बाजार की संरचना, कार्यप्रणाली, नियामकीय ढांचे तथा वास्तविक समय में बाजार में होने वाली गतिविधियों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
भ्रमण के दौरान सेबी के वरिष्ठ अधिकारी विजयन्त कुमार वर्मा (क्षेत्रीय महाप्रबंधक) एवं दीपिका ठाकुर (सहायक महाप्रबंधक) ने विद्यार्थियों को पूंजी बाजार की विस्तृत संरचना, विभिन्न वित्तीय साधनों, निवेशकों के अधिकारों एवं हितों की सुरक्षा, बाजार में पारदर्शिता बनाए रखने की प्रक्रियाओं तथा सेबी की नियामकीय भूमिका के विविध पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेबी किस प्रकार वित्तीय बाजारों की सतत निगरानी करते हुए नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करता है और अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करता है।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को निवेश से जुड़े संभावित जोखिमों, जोखिम प्रबंधन की रणनीतियों, निवेश से पूर्व आवश्यक सावधानियों, वित्तीय साक्षरता के महत्व तथा नैतिक मूल्यों की भूमिका पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। संवादात्मक सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने प्रश्न रखने का अवसर मिला, जिससे उन्हें सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायता मिली।
यह शैक्षणिक यात्रा डॉ. हरि प्रपन्न शर्मा एवं डॉ. राघव माहेश्वरी के कुशल समन्वय और मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिनके प्रयासों से विद्यार्थियों को सेबी की कार्यप्रणाली को निकट से समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के निदेशक प्रो. अनुराग सिंह ने कहा कि जीएलए विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट एवं वित्तीय जगत की समसामयिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यपरिस्थितियों से जोड़ने में सहायक सिद्ध होते हैं।
विभागाध्यक्ष प्रो. उत्कल खंडेलवाल एवं सह-विभागाध्यक्ष प्रो. कृष्णवीर सिंह ने बताया कि वित्त एवं बैंकिंग क्षेत्र में कॅरियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए जीएलए विश्वविद्यालय में एमबीए फाइनेंशियल मार्केट्स एंड बैंकिंग नामक द्विवर्षीय विशेषीकृत पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को बैंकिंग, पूंजी बाजार एवं वित्तीय नियामक संस्थानों से संबंधित अद्यतन जानकारी प्रदान कर भविष्य के लिए उन्हें सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

