- मथुरा में एक अपाचे बाइक बिजली के पोल से रात करीब एक बजे टकरा गई, हादसे में बाइक सवार दो लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई, हादसा रात एक बजे के आसपास हुआ,
मथुरा : मथुरा में नई अपाचे बाइक खरीदकर लौट रहे दो दोस्त जिंदा जल गए। बाइक की स्पीड चेक करते समय दोनों खंभे से टकरा गए। इसके बाद बाइक में भीषण आग लग गई। दोनों दोस्त करीब 30 मिनट तक जलते रहे। चीखें सुनकर राहगीर दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाकर दोनों दोस्तों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसा मांट-वृंदावन मार्ग पर हाथी बाबा आश्रम के पास रविवार रात 1 बजे हुआ।
मांट थाना प्रभारी निरीक्षक जसबीर सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे में बिजली का खंभा भी टूट गया। दोनों युवकों की पहचान मांट के जहांगीरपुर गांव के लखन (27) और तेजपाल (24) के रूप में हुई है।

फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग बुझाकर दोनों युवकों को अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक दोनों बुरी तरह से जल चुके थे।
जानिए पूरा मामला
लखन के छोटे भाई साव सिंह उर्फ बाबू ने बताया कि लखन ने 23 जून को वृंदावन से नई बाइक खरीदी थी। इसके बाद वह घर से मांट गया था। वहीं से लौटते समय यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक की स्पीड चेक करते समय दोनों खंभे से टकरा गए, जिसके बाद बाइक में आग लग गई और दोनों जल गए।
पुलिस के मुताबिक, आश्रम के पास अलीगढ़ के रहने वाले आजाद ने पीआरवी को सूचना दी कि एक अपाचे बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई। बाइक में आग लग गई। दोनों युवक जिंदा जल रहे हैं। सूचना पीआरवी 112 और दमकल की टीम पहुंची। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। दोनों युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, जहां दोनों ने दम तोड़ दिया।

बिजली के पोल से टकराने के बाद दोनों दोस्त आधे घंटे तक जलते रहे।
हलवाई का काम करते थे दोनों दोस्त
लखन के छोटे भाई साव सिंह ने बताया- मैं खेती करता हूं, जबकि पिता बीमार रहते हैं। इसलिए घर की पूरी जिम्मेदारी भैया लखन और मुझ पर ही थी। लखन और तेजपाल हलवाई का काम करते थे और शादी-विवाह में खाना बनाने का ठेका भी लेते थे।
लखन की शादी 10 साल पहले ग्वालियर की कृष्णा से हुई थी। उसे 8 साल की बेटी तमन्ना है। वहीं, तीन भाइयों में तेजपाल सबसे छोटा था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी, जबकि उसके दोनों बड़े भाइयों की शादी हो चुकी है।

तस्वीरें देखिए…



मांट थाना प्रभारी निरीक्षक जसबीर सिंह ने बताया- पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में बिजली का खंभा भी टूट गया। दोनों युवकों की पहचान मांट के जहांगीरपुर गांव के लखन और तेजपाल के रूप में हुई है।
गाव के युवक ने बताया- कल ही खरीदी थी नई बाइक
जहांगीरपुर के रहने वाले विष्णु ने बताया-लखन ने कल ही नई अपाचे बाइक खरीदी थी। वहीं परिजनों का कहना है कि उनके पास करीब डेढ़ लाख रुपए कैश भी था। वह भी जल गया है। घटना स्थल पुलिस को जले नोट भी मिले हैं।

मांट-वृंदावन मार्ग पर हाथी बाबा आश्रम के पास हादसे के बाद पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया।

गांव का युवक बोला- घटना नहीं हादसा है
जहांगीरपुर के विष्णु ने बताया-मेरे गांव के लखन और तेजपाल बाइक से आ रहे थे। रात में बिजली पेड़ पर गिरी है और तो खंभा टूट गया। तभी बाइक सवारों गिर गए और पेट्रोल फैल गया। इसके बाद बिजली के तार गिरा। इससे आग लग गई। तभी दोनों जिंदा जल गए।

