Breaking
Fri. Mar 6th, 2026

संस्कृति विश्वविद्यालय में विशेषज्ञों ने बताया विज्ञान और एआई का महत्व

मथुरा : संस्कृति विश्वविद्यालय के सभागार में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम एवं व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विज्ञान एवं भाषा के क्षेत्र से जुड़े विशिष्ट अतिथियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ वक्ताओं ने विद्यार्थियों को विज्ञान के महत्व और विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे नवोन्मेष को लेकर उपयोगी जानकारियां दीं।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ सचिन कुमार गुप्ता, सीईओ डॉ मीनाक्षी शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को विज्ञान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाइयाँ दीं और अपने संदेश में कहा कि आने वाला समय विज्ञान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में अधिक से अधिक रुचि लें और देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपना योगदान दें।

मुख्य वक्ता के रूप में पधारे रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) रक्षा मंत्रालय के प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ बी के सिंह ने अपने उद्बोधन में वर्तमान विज्ञान में महिलाओं की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज विज्ञान के हर क्षेत्र में महिलाएँ महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं और देश के वैज्ञानिक विकास में उनकी भागीदारी निरंतर बढ़ रही है। विशिष्ट अतिथि राजभाषा अधिकारी, डॉ राहुल खट्टे ने हिंदी के शब्दों एवं अक्षरों से अंग्रेज़ी में बने शब्दों पर एक रोचक व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने भाषा की समृद्धि और उसकी वैज्ञानिक पृष्ठभूमि को विस्तार से समझाया।

अतिथियों का परिचय संस्कृति छात्र कल्याण विभाग के डीन डॉ डी एस तोमर द्वारा कराया गया। उन्होंने अतिथियों की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के पावन अवसर पर साइंस क्लब के द्वारा तीन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पीपीटी प्रस्तुति, मॉडल प्रस्तुति और पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिनमें विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

पीपीटी प्रस्तुति में दुर्गेश कुमार बागरी प्रथम, काजल द्वितीय एवं तनु तृतीय स्थान पर रहीं। मॉडल प्रस्तुति में दीपक-अजय ने प्रथम, जितेंद्र-प्रवेश-सिद्धार्थ ने द्वितीय एवं काजल-प्रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रस्तुति में देवेश-तुषार प्रथम, दीक्षा-यशस्वी द्वितीय एवं प्रिया-जागृति-नीतू तृतीय स्थान पर रहीं। निर्णायक मंडल में डॉ. कुंदन कुमार चौबे, डॉ. जग्गी लाल, डॉ. नीलम कुमारी और डॉ. सुनील कुमार शामिल रहे। साइंस क्लब के संकाय समन्वयक डॉ. नेहा पाठक और डॉ. सुनील कुमार ने आयोजन में अहम भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का संचालन कार्तिकेय पालीवाल ने किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में साइंस क्लब की उपाध्यक्ष खुशबू ने एक कविता पढ़ीजिसमें छात्रों को नवाचार के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ रुचि ने प्रस्तुत किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *